हॉकी टूर्नामेंट फाइनल : ओडिशा ने फिर मारी बाजी, यूपी करम को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी बार बना चैंपियन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: मेजबान यूपी करम को एक बार फिर उसके ही घर में शिकस्त देते हुए नवल टाटा ग्रासरूट ओडिशा (ओएनटी) ने 36वें करम अखिल भारतीय केडी सिंह बाबू सबजूनियर (बालक अंडर-14) ईनामी हॉकी टूर्नामेंट का खिताब लगातार दूसरी बार अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने यूपी करम को 2-0 से हराया। विजेता ओडिशा टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता यूपी करम को डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

Untitled design (12)

विजयंत खंड मिनी स्टेडियम स्थित पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी एस्ट्रो टर्फ पर खेले गए फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि कमर ग्रुप ऑफ कंपनीज की सीएचआरओ कविता निगम ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर पांच बार के विधायक आलमबदी (निजामाबाद, आजमगढ़), ओलंपियन सैयद अली, सुजीत कुमार, साई की पूर्व निदेशक रचना गोविल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मंजु बिष्ट, इमरानुल हक, राजेश टंडन, इनायत उल्लाह, धीरेंद्र सिंह, खुर्शीद, मनोज, गुरुतोष पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Untitled design (13)

लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में आमने-सामने आई ओडिशा और यूपी करम की टीमों के बीच मुकाबला कड़ा रहा। पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करने वाली यूपी करम की टीम फाइनल के दबाव में अपेक्षित खेल नहीं दिखा सकी। पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में ओडिशा ने आक्रामक रुख अपनाया और 21वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को अभिषेक सोरेंग (जर्सी नंबर 11) ने शानदार गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

Untitled design (14)

तीसरे क्वार्टर में यूपी करम ने बराबरी के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन ओडिशा के मजबूत डिफेंस के सामने उनकी एक न चली। 39वें मिनट में एक बार फिर अभिषेक सोरेंग ने पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक प्रहार कर अपना और टीम का दूसरा गोल दाग दिया। चौथे क्वार्टर में भी यूपी करम कोई गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 2-0 से ओडिशा के नाम रहा।

राउंड ग्लास को तीसरा स्थान

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में राउंड ग्लास हॉकी एकेडमी ने पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मोहाली को 3-1 से हराया। राउंड ग्लास को एक लाख रुपये तथा पंजाब टीम को 50 हजार रुपये की ईनामी राशि प्रदान की गई।

Untitled design (15)

इन खिलाड़ियों को भी किया गया सम्मानित

किशोरी लाल शाह की स्मृति में सभी को दो-दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – उज्जवल (यूपी)
बेस्ट गोलकीपर – प्रिंसपल सिंह (राउंड ग्लास)
बेस्ट हाफ – सुलेमान (राउंड ग्लास)
बेस्ट फुलबैक – अभिषेक (ओडिशा)

ये भी पढ़ें : 
सरकार ने खोला खजाना, 250 करोड़ से रामनगरी के पर्यटन की बुनियादी सुविधाएं होंगी मजबूत, सोलर सिटी के लिए 100 करोड़ 

संबंधित समाचार