गुरु-शिष्य परंपरा और कलागुरु बीरेश्वर भट्टाचार्य

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय शिक्षा-संस्कृति की आधारशिला रही है, जिसका प्रभाव कला-शिक्षा में विशेष रूप से दृष्टिगोचर होता है। प्राचीन भारत में ज्ञान का संप्रेषण मुख्यतः व्यक्तिगत संबंधों पर आधारित था, जहां गुरु केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं, बल्कि जीवन-दृष्टि, संवेदना और नैतिकता भी अपने शिष्यों को प्रदान करते थे। चित्रकला, मूर्तिकला और शिल्प की परंपराएं प्रायः पारिवारिक या कार्यशाला-आधारित ढांचों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी विकसित होती रहीं। उपलब्ध ऐतिहासिक साक्ष्य चाहे वे अजंता-एलोरा की गुफाएं हों या मध्यकालीन पांडुलिपि-चित्रण यह स्पष्ट करते हैं कि कला का ज्ञान किसी औपचारिक पाठ्यक्रम से अधिक गुरु के सान्निध्य में अर्जित होता था।

यूरोप में मध्यकाल और पुनर्जागरण काल तक कला-शिक्षा का स्वरूप कुछ इसी प्रकार का था, जहां शिल्प-गिल्ड और उस्ताद-शागिर्द परंपरा प्रचलित थी। किंतु 18 वीं सदी के उत्तरार्ध में ब्रिटेन में रॉयल अकादमी ऑफ आर्ट्स जैसी संस्थाओं की स्थापना के साथ औपचारिक कला-शिक्षा का विकास हुआ। इसी मॉडल का प्रभाव ब्रिटिश औपनिवेशिक काल में भारत पर पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप मद्रास, कोलकाता, मुंबई और लाहौर जैसे केंद्रों में कला विद्यालय स्थापित हुए। इन संस्थानों ने अकादमिक यथार्थवाद, परिप्रेक्ष्य और यूरोपीय तकनीकों को भारतीय कला-शिक्षा में स्थान दिया।

हालांकि 20 वीं सदी के प्रारंभ में भारतीय कला-जगत में एक वैचारिक पुनर्जागरण देखने को मिला, जिसका नेतृत्व अबनीन्द्रनाथ टैगोर ने किया। उन्होंने औपनिवेशिक अकादमिक शैली के विरुद्ध भारतीय परंपराओं, लघुचित्रों और पूर्वी एशियाई प्रभावों को आधार बनाकर ‘बंगाल स्कूल’ की स्थापना की। उनके शिष्य नंदलाल बोस ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया और विश्व भारती विश्वविद्यालय के कला भवन में गुरु-शिष्य संबंध को एक जीवंत शैक्षिक मॉडल के रूप में विकसित किया। यहां शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं थी, बल्कि प्रकृति, लोकजीवन और अनुभव के साथ एक समग्र संवाद थी।

इसी परंपरा में रामकिंकर बैज, शंखो चौधरी, के. जी. सुब्रमण्यम और गुलाम मोहम्मद शेख जैसे कलाकारों ने न केवल अपनी विशिष्ट कलाभाषा विकसित की, बल्कि एक शिक्षक के रूप में भी पीढ़ियों को प्रभावित किया। इनकी शिक्षण पद्धति में संवाद, प्रयोग और आलोचनात्मक चिंतन को प्रमुख स्थान मिला, जो पारंपरिक गुरु–शिष्य संबंध का आधुनिक रूप था। उत्तर भारत में भी अनेक शिक्षकों जैसे रणबीर सिंह बिष्ट, जय कृष्ण अग्रवाल और के. एस. कुलकर्णी ने अपने संस्थानों में इस परंपरा को जीवित रखा। उनके विद्यार्थियों के साथ आजीवन संबंध, मार्गदर्शन और व्यक्तिगत हस्तक्षेप इस बात का प्रमाण हैं कि कला-शिक्षा केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि एक सतत संवाद है। 

वर्तमान समय में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन द्वारा लागू किए गए शैक्षिक सुधार -जैसे सेमेस्टर प्रणाली, क्रेडिट-आधारित पाठ्यक्रम और अंतर्विषयी अध्ययन ने कला-शिक्षा को अधिक संरचित और व्यापक बनाया है। फिर भी, इन औपचारिक ढांचों के भीतर गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व कम नहीं हुआ है। कला के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ संवेदनात्मक परिपक्वता, दृष्टि और मौलिकता का विकास आज भी व्यक्तिगत मार्गदर्शन और संवाद पर निर्भर करता है। स्पष्ट है कि भारतीय कला-शिक्षा में संस्थागत विकास के बावजूद गुरु-शिष्य परंपरा एक जीवित और सक्रिय तत्व के रूप में मौजूद है। यह परंपरा केवल अतीत की विरासत नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की कला-चेतना को आकार देने वाली एक सतत प्रक्रिया है। जहां अन्य विषयों में शिक्षक-छात्र संबंध संस्थान तक सीमित रह जाता है, वहीं कला, संगीत और नृत्य में यह संबंध जीवनपर्यंत बना रहता है। 

ऐसे ही एक विरल उदाहरण थे कलागुरु बीरेश्वर भट्टाचार्य। 22 मार्च 2026 को उनके निधन का समाचार न केवल उनके शिष्यों, बल्कि पूरे कला-जगत के लिए अपूर्णीय क्षति के रूप में सामने आया। यह और भी मार्मिक है कि उनके सम्मान में आयोजित समारोह तथा उन पर केंद्रित मोनोग्राफ और पुस्तक के विमोचन की तैयारियां कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना और पटना म्यूजियम के सौजन्य से 23 और 24 मार्च को होने वाली थीं।

देश-विभाजन की पृष्ठभूमि में 1950 में सपरिवार ढाका से पटना आए इस किशोर ने 1952 में राजकीय कला एवं शिल्प विद्यालय, पटना में प्रवेश लिया। आगे चलकर यही विद्यार्थी बिहार ही नहीं, बल्कि भारतीय समकालीन कला इतिहास का एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर बना। वर्ष 1957 से 1993 तक के अपने दीर्घ अध्यापन काल में उन्होंने अपने छात्रों में आधुनिक और समकालीन कला के प्रति जो अभिरुचि जगाई, उसने उन्हें मात्र शिक्षक नहीं, बल्कि ‘कलागुरु’ के रूप में प्रतिष्ठित किया।

बीरेश्वर भट्टाचार्य का जीवन संघर्ष, संवेदना और सृजन की एक सशक्त यात्रा रहा। उनकी कला में मानवीय त्रासदी, सामाजिक असमानताओं और हिंसा के विरुद्ध गहरी संवेदनशीलता स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने चित्रकला को केवल सौंदर्यबोध का माध्यम नहीं रहने दिया, बल्कि उसे सामाजिक यथार्थ के प्रति सजग हस्तक्षेप की भाषा में रूपांतरित किया। एक शिक्षक के रूप में उनका योगदान अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहा, उन्होंने अनेक पीढ़ियों के कलाकारों को न केवल तकनीकी दक्षता प्रदान की, बल्कि उन्हें वैचारिक रूप से भी समृद्ध किया। उनके शिष्यों की उपलब्धियां उनके शिक्षकीय व्यक्तित्व का प्रमाण हैं।

उनकी कृतियां और उनके द्वारा निर्मित शिष्य-परंपरा आज भी भारतीय समकालीन कला में जीवंत रूप से उपस्थित है। इस महान कलागुरु पर केंद्रित मोनोग्राफ और पुस्तक के प्रकाशन के लिए कला-जगत रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी एवं विश्वरंग का आभारी रहेगा। अंततः बीरेश्वर भट्टाचार्य का जीवन और उनकी कला हमें यह सिखाती है कि गुरु-शिष्य परंपरा केवल शिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि संवेदना, विचार और सृजन की वह सतत धारा है, जो पीढ़ियों को जोड़ती हुई आगे बढ़ती रहती है। विनम्र श्रद्धांजलि।-सुमन कुमार सिंह