Uttrakhand: सीतावनी जंगल सफारी में दिखा विशाल किंग कोबरा, पर्यटक रोमांचित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामनगर, अमृत विचार। रामनगर वन प्रभाग के सीतावनी पर्यटन जोन में शनिवार की सुबह जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों को मंदिर के पास सड़क पर अचानक एक विशालकाय किंग कोबरा दिखाई दिया। जिप्सी में बैठे पर्यटक इसे देखकर दंग रह गए। इतने बड़े किंग कोबरा को उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।

शनिवार 4 अप्रैल की सुबह, जब पर्यटक नियमित जंगल सफारी पर सीतावनी जोन पहुंचे, तभी सड़क पर यह विशालकाय सर्प दिखाई दिया। कुछ देर के लिए जिप्सी वहीं रुक गई और सभी की नजरें इस दुर्लभ किंग कोबरा पर टिक गईं। किंग कोबरा बेहद शांत अंदाज़ में सड़क पार करता नजर आया। सभी पर्यटकों ने इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद कर यादगार बना लिया। नेचर गाइड दीप मलकानी ने बताया कि सुबह सफारी के दौरान मंदिर के पास यह दुर्लभ दृश्य देखने को मिला। 

उन्होंने कहा कि अक्सर छोटे सांप और छोटे किंग कोबरा जंगल में दिखाई देते हैं, लेकिन इतना विशाल और दुर्लभ किंग कोबरा बहुत कम देखा जाता है। प्रसिद्ध वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार के अनुसार, किंग कोबरा कॉर्बेट और सीतावनी में इसलिए दुर्लभ माना जाता है क्योंकि उसका मुख्य पसंदीदा आवास, व्यवहार और घनत्व तीनों ही इसे कम दिखाई देने वाला बनाते हैं। रजवार कहते हैं कि ये सांप घने, नम, शांत जंगलों में अधिक सहज रहते हैं और इंसानों से दूर रहते हैं। यह छिपकर रहने वाला और कम दिखने वाला सर्प है। किंग कोबरा ज्यादातर घने अंडरग्रोथ, नालों, पत्तों की मोटी परत और शांत जंगल हिस्सों में रहता है। खुले सफारी ट्रैक पर इसका मिलना संयोग की बात है।

संबंधित समाचार