Uttrakhand: पिट लाइन में मरम्मत के दौरान अचानक चल पड़ा डिब्बा, बड़ी दुर्घटना टली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालकुआं, अमृत विचार। रेलवे स्टेशन की पिट लाइन में मरम्मत कार्य के दौरान गाड़ी का डिब्बा अचानक डेढ़ सौ मीटर बिना इंजन के चलने के बाद पटरी से उतर गया, लेकिन सौभाग्य से कोई बड़ी घटना नहीं हुई।सूत्रों के अनुसार, रेलवे स्टेशन की पिट लाइन में मरम्मत कार्य के दौरान प्रातः साढ़े आठ बजे एक गाड़ी के पीछे जुड़ा जनरेटर एंड गार्ड डिब्बा अपनी जगह से लगभग डेढ़ सौ मीटर ढलान की ओर अपने आप चल पड़ा। 

इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर रेल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। रेल कर्मी तुरंत डिब्बे के पीछे दौड़े और उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिट लाइन में उक्त डिब्बे की मरम्मत का कार्य चल रहा था, तभी वह धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकना शुरू हुआ। डिब्बे के पीछे की ओर लुढ़कने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डिब्बा नियंत्रित नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि लुढ़कता हुआ डिब्बा आगे जाकर पॉइंट (टर्नआउट) के पास पटरी से उतर गया। 

घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशिक्षित रेल कर्मियों ने डिब्बे को उठाकर पुनः पटरी में लगाने का कार्य शुरू किया। लगभग दो घंटे तक रेल कर्मी उक्त डिब्बे को पटरी में लाने में जुटे रहे और अंततः यह सफल हो सका। स्थानीय लोग मानते हैं कि यदि डिब्बे की रफ्तार थोड़ी अधिक होती या यह किसी दूसरी सक्रिय लाइन की ओर बढ़ जाता, तो रेलवे लाइनों को नुकसान पहुंच सकता था। सौभाग्य रहा कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और बड़ी दुर्घटना टल गई। स्टेशन अधीक्षक पुष्कर सिंह ने बताया कि कोच में मरम्मत का कार्य चल रहा था, इसी दौरान यह अचानक चल पड़ा और कुछ ही दूरी पर पटरी से उतर गया। कुछ ही समय में रेल कर्मियों ने डिब्बे को वापस पटरी पर चढ़ा लिया।

संबंधित समाचार