लखनऊ में IPL को लेकर सुरक्षा कड़ी : ड्रोन-सीसीटीवी से होगी इकाना की निगरानी, अर्ध सैनिक बल समेत 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात
लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल में बुधवार को लखनऊ और दिल्ली की टीमों के बीच मैच होने के चलते भारत रत्न अटल विहारी बाजपेयी इकाना स्टेडियम और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेडियम परिसर को तीन सुपर जोन, छह जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा में अधिकारियों के अलावा, एंटी टेररिस्ट स्क्वायड, एंटी माइन टीम, बम स्क्वायड दस्ते, अर्ध सैनिक बल और पुलिस कर्मियों समेत 2000 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से अराजकतत्वों व टिकट ब्लैक करने वालों की निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से अधिकारी ट्रैफिक के लिहाज से रूट और सुरक्षा का जायजा लेते रहेंगे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार के मुताबिक सुरक्षा में तीन पुलिस उपायुक्त, छह अपर पुलिस उपायुक्त, 16 सहायक पुलिस आयुक्त, 35 इंस्पेक्टर, 254 दरोगा, 465 सिपाही तैनात किये गये हैं। इसके अलावा यातायात व्यवस्था के संचालन के लिए पूरे एरिया को दो सुपर जोनल, तीन जोनल, नौ सेक्टर व 24 सब सेक्टर बांटा गया है। जिसमें दो पुलिस उपायुक्त, तीन अपर पुलिस उपायुक्त, नौ सहायक पुलिस आयुक्त, 28 इंस्पेक्टर, 161 दोरगा, 391 मुख्य आरक्षी, आरक्षी, 108 होमगार्ड तैनात किये गये हैं। वहीं, पांच कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, वायरलेस यूनिट, इंटेलिजेंस (एलआईयू), एक टीम एटीएस, वॉक-थ्रू मेटल डिटेक्टर, तीन बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, एक एंटी माइन टीम को मुस्तैद किया गया है।
महिला सुरक्षा का विशेष इंतजाम
जेसीपी कानून-व्यवस्था बबलू कुमार के मुताबिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अथवा जहां महिलाओं और युवतियों का झुंड़ होगा वहां पर छेड़छाड़ और छींटाकशी की आशंका रहती है। ऐसे में महिलाएं अथवा युवतियां जहां ज्यादा होंगी वहां पर सादे कपड़ों में 130 महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
भीड़ प्रबंधन एवं वीवीआईपी व्यवस्था:
- स्टेडियम के सभी गेटों पर अलग-अलग प्रवेश/निकास व्यवस्था लागू की गई है।
- वीवीआईपी, खिलाड़ियों, मीडिया एवं आम दर्शकों के लिए पृथक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
- स्टेडियम के भीतर एवं बाहर स्ट्रैटेजिक पॉइंट्स पर पुलिस बूथ, मेडिकल बूथ एवं कंट्रोल यूनिट स्थापित हैं।
जनता से अपील :
- निर्धारित गेट एवं पार्किंग का ही उपयोग करें।
- सुरक्षा जांच में सहयोग करें।
- किसी भी संदिग्ध वस्तु/व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
- यातायात नियमों एवं डायवर्जन का पालन करें।
- मैच शुरू होने के दौरान और छूटने के बाद सामान्य लोग डायवर्जन का ध्यान रखें।
