कैटरिंग संचालक ने मौसेरे साले को घर बुलाकर बेरहमी से पीटा, युवक की मौत पर हंगामा, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। किदवईनगर में कैटरिंग संचालक ने मौसेरे साले को घर में बंद कर बेरहमी से पीटा। घरवालों ने रातभर व अगले दिन दोपहर करीब 25 कॉलें की, लेकिन बात नहीं करने दी। जब परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो युवक को बेदम अवस्था में पाया। इस पर तत्काल अस्पताल ले गए, जहां आईसीयू में भर्ती युवक तीसरे दिन दम तोड़ दिया। मौत पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं आरोपी दो दिन से फरार हैं।

नजीराबाद के रामकृष्ण नगर निवासी 43 वर्षीय आलोक मिश्रा उर्फ पुत्तलू किदवईनगर में रहने वाले कैटरिंग संचालक अमित उर्फ पंकज मिश्रा के साथ काम करते थे। दोनों साले-बहनोई का रिश्ता है। आलोक के भाई ने बताया कि सात फरवरी को शुक्लागंज में कैटरिंग का काम करने के बाद आलोक ने पंकज से हिसाब करने को कहा था। 

इस पर आठ फरवरी की सुबह करीब आठ बजे आलोक हिसाब के लिए किदवईनगर डी-ब्लाक पंकज के घर गए थे, लेकिन देर रात तक नहीं लौटे। इस पर भाभी ने फोन किया तो भाई का फोन पंकज ने उठाया और कहा कि काम अधिक है। इसके बाद कई कॉल नहीं उठाई। एक बार आलोक ने फोन उठाया, लेकिन तुरंत किसी ने छीनकर बंद कर दिया। 

प्रांजुल के अनुसार भाई नौ फरवरी की सुबह बेटे का स्कूल में प्रवेश कराने जाना था, इसलिए उन्होंने खुद अगले दिन सुबह एक घंटे में करीब 10 कॉल की, लेकिन रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद पंकज की पत्नी पूनम ने फोन करके बताया कि आलोक गिर गए हैं और हालत गंभीर है। इस पर वह लोग पहुंचे और एंबुलेंस से उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में होश में आने भाई ने भाभी से कहा कि इन लोगों ने रात भर पीटा है। मार डालना चाहते थे। इसके बाद वह बेहोश हो गए। 

तीन दिन से आईसीयू में इलाज चल रहा था और गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। इस पर गुस्साए परिजनों ने मारपीट, हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग की। किदवई नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर अमित उर्फ पंकज मिश्रा, उसकी पत्नी पूनम और चालक राजकुमार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने पंचनामा में चोटों का किया जिक्र 

किदवईनगर पुलिस ने पंचनामा में आलोक के शरीर पर दिखीं चोटों का जिक्र किया है। जिसमें कमर पर दाई तरफ, सीने व पीठ पर चोटों के निशान बताए गए हैं। चेहरे की ठोढी टूटी और बाएं हाथ की कोहनी पर रगड़ के निशान मिले हैं। सिर के पीछे टांके लगने का जिक्र पंचनामा में है। इस बारे में भाई ने बताया कि सिर पर भारी वार किया गया है। जिससे हड्डी टूटी है। यह बात अस्पताल में डॉक्टर ने बताई थी।  

अस्पताल में छोड़कर भागे आरोपी 

आलोक के पिता ने बताया कि पंकज, उसकी पत्नी व चालक बेटे को अस्पताल में भर्ती कराने साथ गए थे। इसके बाद जब डॉक्टरों ने जांच की बात कही तो वह घबरा गया। उसके बाद शाम तक वह साथ रहा और रिपोर्ट आने से पहले पत्नी व चालक समेत फरार हो गया। उसके किदवईनगर स्थित मकान में उसकी मां रजनी के अलावा कोई नहीं है। जबकि उसका छोटा भाई अभिषेक भी एक दिन पहले तक था।

संबंधित समाचार