बरेली: जलभराव से सर्वोदयनगर के लोगों को बना खतरा, अफसर मौन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सर्वोदयनगर कॉलोनी के लोग इस वक्त तमाम दिक्कतों से जूझ रहे हैं। सड़कों पर जलभराव होने के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो रहा है। शिकायतों के बाद भी इस ओर न तो नगर निगम के अधिकारियों ने ध्यान दिया और न ही पंचायत राज अधिकारी ने। यही नहीं, स्थानीय …

अमृत विचार, बरेली। सर्वोदयनगर कॉलोनी के लोग इस वक्त तमाम दिक्कतों से जूझ रहे हैं। सड़कों पर जलभराव होने के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो रहा है। शिकायतों के बाद भी इस ओर न तो नगर निगम के अधिकारियों ने ध्यान दिया और न ही पंचायत राज अधिकारी ने। यही नहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक से भी समस्या का समाधान करने को कहा लेकिन परेशानी जस की तस रही। इससे लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग विकास भवन में प्रदर्शन करेंगे। बताया कि पानी में करंट उतरने से एक कुत्ते की जान जा चुकी है। इससे उन लोगों को भी खतरा बना हुआ है।

बदायूं रोड पर बाला जी मंदिर के सामने की कॉलोनी सर्वोदय नगर है। कहने को तो यह शहर का ही हिस्सा है लेकिन इसकी शहर के वार्डों में गिनती नहीं है। यह करगैना ग्राम पंचायत का मोहल्ला है। यही वजह है कि शहरी होते हुए भी इनकी सुविधाओं पर अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। नगर निगम का नाला इसी मोहल्ले के सामने से निकलता है। भूसे की टाल की वजह से नाला चोक हो गया है।

मोहल्ले के रामप्रकाश सिंह, शीला देवी, ब्रह्मा देवी ने बताया कि कई दिन से जलभराव होने के कारण उन्हें बदायूं रोड तक घूमकर जाना पड़ता है। बताया कि दो दिन पहले खंभे का करंट पानी में उतर आया था जिससे एक कुत्ते की मौत हो गई थी। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन करके लाइन कटवाई। इसके बाद कुत्ता फेंका जा सका। बताया कि सड़क पर भरे पानी में करंट उतरने से किसी की भी जान को खतरा हो सकता है।

उन्होंने बताया कि शिकायतों के बाद भी इस ओर न तो ग्राम प्रधान ने ध्यान दिया है और न ही नगर निगम और पंचायत विभाग के अधिकारियों ने समस्या का समाधान किया। बताया कि क्षेत्रीय विधायक को भी फोन पर समस्या बताई गई लेकिन उन्होंने भी इस समस्या को नजरअंदाज कर दिया। लोगों ने बताया कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विकास भवन में प्रदर्शन करेंगे।

कई बार शिकायत कर चुका हूं लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मोहल्ले के लोग परेशान हैं। दो-तीन दिन पहले पानी में करंट उतरने से रात में कुत्ता मर गया था। कुछ लोगों ने देखा तो विभागीय अधिकारियों को फोन किया। इसके बाद लाइन कटी तो लोगों की जान में जान आई। यही हाल रहा तो कभी भी किसी की भी जान जा सकती है। -रवि वर्मा, निवासी, सर्वोदय नगर

जलभराव के कारण निकलने में काफी दिक्कत होती है। लोगों को कुछ दूरी पर भी घूमकर जाना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या बुजुर्गों और बच्चों को होती है। दो दिन पहले पानी में करंट उतर आया। गनीमत रही कि कुत्ता मरा, किसी इंसान की भी जान जा सकती थी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -अनिल वर्मा, निवासी, सर्वोदय नगर

कई बार शिकायत की लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अधिकारी अपनी मस्ती में डूबे हैं। न तो नगर निगम के अधिकारी सुन रहे हैं और न ही पंचायत विभाग के। सबसे अधिक समस्या महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। दो तीन दिन पहले पानी में करंट उतरने से एक कुत्ता मर गया था। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। –ईश्वरवती, निवासिनी, सर्वोदय नगर

लोगों को निकलने के लिए काफी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। गली में जलभराव हो गया है। नाले का पानी घरों में घुसने लगा था। शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं दिया गया जबकि पानी में करंट उतर आया था। ऐसे में किसी की भी जान जा सकती है। कई बार शिकायत के बाद भी इस ओर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया गया है। –पंकज कुमार शाही, निवासी, सर्वोदय नगर

संबंधित समाचार