बरेली: हादसों में तीन माह की बेटी के पिता सहित दो की मौत
अमृत विचार, बरेली। बदायूं के दो युवकों की सड़क हादसों में मौत हो गई जिसमें एक इफको का कर्मचारी था। उसे पिकअप ने टक्कर मार दी। वहीं, दूसरे हादसे में घायल हुए एक युवक ने शहर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में युवकों की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रो कर …
अमृत विचार, बरेली। बदायूं के दो युवकों की सड़क हादसों में मौत हो गई जिसमें एक इफको का कर्मचारी था। उसे पिकअप ने टक्कर मार दी। वहीं, दूसरे हादसे में घायल हुए एक युवक ने शहर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में युवकों की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के कौर मनकापुर गांव निवासी 27 वर्षीय अनिल पुत्र ओमप्रकाश आंवला की इफको फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह रविवार को बाइक से किसी काम से सेंधा गांव गया था। लौटते समय रास्ते में एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पिकअप के नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक की एक बेटी और एक बेटा है। उसकी पत्नी भारती ने तीन माह पहले ही एक लड़की को जन्म दिया था।
वहीं, दूसरे हादसे में बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के खुड़वारा गांव निवासी चंद्रपाल पुत्र बद्री प्रसाद पिछले दिनों बदायूं में पराग फैक्ट्री के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके बाद परिवार के लोगों ने उसे बदायूं के जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे बरेली के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया था। यहां शनिवार की रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक के दो बेटे और छह बेटियां हैं। उसकी पत्नी माया देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
