पीलीभीत: जिस दफ्तर में की सात साल नौकरी, उसी बिल्डिंग में मिला शव..कॉलोनाइजर पर हत्या का आरोप
पीलीभीत, अमृत विचार। सिपाही की नौकरी छोड़ कॉलोनाइजर बने वेद प्रकाश कश्यप के दफ्तर की छत से सड़क की तरफ एक युवक का फंदे से लटका शव मिला। मृतक पूर्व में इसी दफ्तर में काम करता था और चार दिन पहले ही उसे नौकरी से हटाया गया था। परिवार वालों ने कॉलोनाइजर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कई बार सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सीओ सिटी ने आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर भी दो थानों की पुलिस मुस्तैद रही। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में ही शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी 24 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र सीताराम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव मोहल्ला देशनगर में कॉलोनाइजर वेदप्रकाश कश्यप के दफ्तर (मधुरवानी फर्म) की छत पर सड़क की तरफ फंदे से लटका मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और परिवार वाले भी आ गए। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। इस दौरान परिवार वालों से जानकारी की गई।
परिजनों ने हत्या का आरोप कॉलोनाइजर पर लगाया है। बताते हैं कि उक्त कॉलोनाइजर पूर्व में पुलिस विभाग में सिपाही पद पर था और बीआरएस ले लिया था। इदसके बाद वह कॉलोनाइजर बना। परिजन ने बताया कि मृतक अनिल करीब सात साल से मोहल्ला देशनगर स्थित कॉलोनाइजर के दफ्तर में काम करता था। चार दिन पूर्व किसी बात को लेकर कॉलोनाइजर ने उसे काम से निकाल दिया था। इसके बाद वह सिविल लाइंस क्षेत्र में कहीं काम करने लगा था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह अचानक करीब चार बजे अनिल के पास कॉलोनाइजर की कॉल आई और उसे दोबारा काम पर आने के लिए कहा।
इस पर दफ्तर के लिए जाने की बात कहकर वह घर से निकला था। मगर, तीन घंटे बाद ही सुबह करीब सात बजे दफ्तर से दो युवक घर आए और अनिल के फंदा लगाकर खुदकुशी करने की सूचना परिजन को दी गई। जब वह पहुंचे तो दफ़्तर की छत पर सड़क की तरफ अनिल का शव फंदे से लटका था। मौके पर भीड़ लगी हुई थी। उन्होंने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर कोतवाली और सुनगढ़ी दो थानों की पुलिस मुस्तैद रही।
कई बार परिवार की ओर से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगााम किया गया। इस पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिवार से वार्ता कर आश्वस्त किया। सपा के पूर्व जिला महासचिव यूसुफ कादरी ने भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर मृतक के परिजन से मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों से की जा रही कार्रवाई की जानकारी की। तीन चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। परिजन ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि देर शाम तक इस पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
मुख्य दरबाजा था बंद, सीसीटीवी फुटेज अधूरी
हत्या का आरोप लगा रहे अनिल के परिवार वालों ने संदिग्ध हालातों को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि घटना के वक्त कॉलोनाइजर के दफ्तर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। सीसीटीवी की फुटेज चेक की गई। इसमें मृतक अनिल कार्यालय के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहा है। मगर इसके बाद बीच-बीच में फुटेज गायब तो कहीं बंद हैं। सवाल उठाते हुए कहा कि अगर अनिल को खुदकुशी करना होती तो वह इस तरह से क्यों करता। मृतक के भाई सुनील ने आरोप लगाया कि एक महिला कर्मचारी से अनिल के बातचीत करने पर कॉलोनाइजर नाराज रहता था। इसी रंजिश में हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। इसे लेकर पुलिस से भी परिजनों की नोकझोंक हुई। परिजनों का आरोप है कि घटना के वक्त भी कॉलोनाइजर अपने दफ्तर में बैठा रहा और बाहर नहीं निकला।
परिजन का रोकर बुरा हाल, न्याय को सख्त कार्रवाई की मांग
अनिल की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। रोते विलखते परिवार वालों के चेहरे पर गम और गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था। उनकी बस एक ही मांग थी कि आरोपी कॉलोनाइजर पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसी को लेकर कई बार पुलिस से नोकझोंक पोस्टमार्टम हाउस पर भी होती रही। मां सुखदेवी का कहना था कि कॉलोनाइजर ने बेटे को पहले नौकरी से हटा दिया था। इसके बाद शुक्रवार को सुबह चार बजे फोन कर बुलाया था। जिसके बाद उसकी मौत की खबर सुनने को मिली।
ऐसा कौना सा काम था जो कॉलोनाइजर ने सुबह-सुबह बुलाया। जबकि दफ्तर हमेशा दस बजे खुलता था। सीसीटीवी फुटेज गायब मिलना और बाहर से गेट बंद होना अनहोनी की ओर इशारा कर रहा है। मृतक तीन भाईयों में छोटा था। उसके दो बड़े भाई रामऔतार व सुनील है। वह भी मजदूरी करते हैं। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
