Moradabad: रेल मंडल में 121 किमी प्रति घंटे का स्पीड ट्रायल सफल, महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आलमनगर से रोजा रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआरएम मुरादाबाद विनीता श्रीवास्तव सहित मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरक्षा, परिचालन गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा कर उन्हें और बेहतर बनाना था।

महाप्रबंधक ने आलमनगर से काकोरी, मलिहाबाद, संडीला, बालामऊ, हरदोई और रोजा तक विभिन्न स्टेशनों, यार्डों व रेल कॉलोनियों का बारीकी से जायजा लिया। काकोरी स्टेशन स्थित शहीद पार्क में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

निरीक्षण के दौरान चयनित रेलखंडों पर 121 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह परीक्षण ट्रैक, सिग्नलिंग और संरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया, जो रेलखंड की मजबूत संरचना और उच्च गति परिचालन क्षमता को दर्शाता है। इस गति पर कोई समस्या सामने नहीं आने पर ट्रायल सफल रहा। इस इन सभी खंडों में ट्रेन अधिकतम 121 किमी प्रति घंटा की गति से दौड़ सकती हैं।

बालामऊ स्टेशन पर नई क्रू लॉबी और स्वास्थ्य इकाई (हेल्थ यूनिट) का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही रनिंग रूम, लेवल क्रॉसिंग फाटक, रेल पुलों और ट्रैक कर्व की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई। हरदोई सहित अन्य स्टेशनों पर गैंग, यूएसएफडी (अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन) उपकरण और स्मॉल ट्रैक मशीनों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया।

कर्मचारियों से सीधा संवाद
महाप्रबंधक ने ग्राउंड स्तर पर तैनात कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें संरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा है।

 

संबंधित समाचार