India-US trade deal : पीयूष गोयल का राहुल गांधी पर तीखा हमला, कहा- व्यापार समझौते पर झूठ की राजनीति कर रहे हैं कांग्रेस नेता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली/मुंबई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के अभियान पर तीखा पलट वार करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर झूठ का सहारा लेकर राजनीति कर रहे हैं। पीयूष गोयल ने शनिवार को मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अपने आप को ही सवालों के घेरे में ले रहे हैं। भारत को कपास मंगवाने की जरूरत पड़ती है। खुद कांग्रस के नेतृत्वाली संप्रग सरकार में एसईजे क्षेत्र की इकाइयों को कपास के लिए शुल्क मुक्त आयात की छूट दी गयी है। 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत- अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ राजनीति कर रहे हैं और इसके लिए 'अब झूठ का सहारा लिया जा रहा है।' वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस के नेता जब इस समझौते में कोई खामी नहीं ढूंढ सके तो वे झूठ पर आ गये। इस तरह वह अपने अपना खोखलापन साबित करने की नासमझी कर रहे हैं। पीयूष गोयल मुंबई में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। 

राहुल गांधी ने आज एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि 'झूठ बोलने में माहिर प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट इसपर भ्रम फैला रहे हैं। और .. वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से देश के कपास किसानों और टेक्सटाइल निर्यातकों को धोखा दे रहे हैं।" राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि बंगलादेश को अमेरिका में गारमेंट्स निर्यात पर शून्य शुल्क पर प्रवेश की छूट मिलेगी लेकिन उसे अमेरिका से कपास खरीदने की शर्त पर यह लाभ मिलेगा।

पीयूष गोयल ने लम्बी बातचीत के बाद हुए भारत-अमेरिका अंतरिम समझौते को भारत के लिए अवसरों भरा बताया और कहा कि इसमें देश के किसानों, मछुआरों और अन्य कमजोर वर्गों के हितों की पूरी रक्षा के प्रावधान किये गये हैं। उन्होंने कहा, ' राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति के जरिए भारत की विकास यात्रा को नुकसान पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं।' 

वाणिज्य मंत्री ने कहा , ''मैं राहुल गांधी की डर फैलाने वाली राजनीति का पर्दाफाश करूंगा, जिससे वे किसानों और निर्यातकों को गुमराह कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि तथ्य यह है कि 'हमारे समय के नौ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), से कुल 38 विकसित देश जुड़े हैं और इनसे भारतीय निर्यातकों के लिए कपड़े के 45 लाख करोड़ रुपये के विशाल संभावित बाजारों के दरवाजे खुले हैं। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि इस समय भारत का कपड़ा निर्यात चार लाख करोड़ रुपये का है औ इन नये समझौतों से इसमे वृद्धि की संभावनाएं विचार करने लायक हैं। 

उन्होंने कहा, '' इससे टेक्सटाइल क्षेत्र में ही लाखों युवा पुरुषों और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे!'' अमेरिका से कपास आयात के खतरे की कांग्रेस के नेता की बात पर श्री गोयल ने कहा, '' राहुल गांधी को यह नहीं पता कि अमेरिका में कपास का उत्पादन बहुत कम है और घरेलू खपत के बाद अमेरिका का कपास व धागा निर्यात केवल 6 अरब डॉलर का है। उन्हें यह भी नहीं पता कि बंगलादेश भारत से 2.7 अरब डॉलर की कपास आयात करता है, और उसे आगे भी ऐसा करना पड़ेगा क्योंकि अमेरिका के पास निर्यात के लिए कोई ज्यादा कपास नहीं है।"

वाणिज्य मंत्री ने कहा, ''राहुल एक तरह हमारे कपड़ा निर्यातकों की संभावनाओं पर हमला कर रहे हैं, दूसरी ओर वह किसानों को बिना बात के डरा रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत के टेक्सटाइल क्षेत्र में भारी वृद्धि की संभावना के साथ, भारतीय कपास की मांग लगातार बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। 

पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए ये भी कहा, '' जब आपकी ही परिवार की अगुवाई में कांग्रेस सरकार चल रही थी, तब की विदेश व्यापार नीति और विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) अधिनियम [नियम 27(1)] के तहत निर्यात के लिए उत्पाद बनाने में उपयोग होने वाले कच्चे माल के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति थी जिसमें जिसमें कपास भी शामिल है।'' 

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि जब राहुल गांधी "निर्यात के लिए शून्य-शुल्क आयात" पर हमला करते हैं, तो वे अपनी ही पार्टी द्वारा शुरू की गई नीतियों पर हमला कर रहे हैं! विपक्ष के ऐसे अज्ञानी नेता पर आश्चर्य नहीं कि वे चुनाव दर चुनाव असफल होते हैं। पीयूष गोयल ने भारत के कपड़ा क्षेत्र को भारत की अर्थव्यवस्था की जान बताते हुए कहा, '' राहुल जी, अमेरिकी व्यापार समझौते और एनडीए सरकार द्वारा किए गए अन्य एफटीए से भारतीय किसान और टेक्सटाइल मजदूर दोनों को बड़ा लाभ होगा… और भारत की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है। आपके झूठ का पुलिंदा विफल होगा।" 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

महाशिवरात्रि 2026 आज : महादेव बनेंगे दूल्हा, विदेशी फूलों से हुआ शृंगार, सिद्धनाथ मंदिर में भक्तों के लिए होगा फलहारी भंडारा
India-US trade deal : पीयूष गोयल का राहुल गांधी पर तीखा हमला, कहा- व्यापार समझौते पर झूठ की राजनीति कर रहे हैं कांग्रेस नेता
नोएडा मेट्रो (एक्वा लाइन) के विस्तार को मिली स्वीकृति एक ऐतिहासिक निर्णय : सीएम योगी
कानपुर : मंगेतर से 'कहासुनी' के बाद आईआईटी-कानपुर की तकनीशियन ने की सुसाइड, 350 पन्नों की निजी डायरी बरामद
योगी सरकार का बड़ा फैसला : यूपी में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण अनिवार्य, डीएम-एसपी समेत सभी अफसर करेंगे 'कर्मयोगी' कोर्स