फ्लाइट में भोजन और सीट को लेकर यात्री और क्रू मेंबर के बीच विवाद, एयरपोर्ट अथॉरिटी पर लैंडिंग के बाद 5 घंटे तक बेवजह परेशान करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, सरोजनीनगर, अमृत विचार: बेंगलुरु से लखनऊ आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स 2048) में शनिवार को भोजन और सीट को लेकर यात्री और क्रू मेंबर के बीच विवाद हो गया। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मामला सरोजनीनगर पुलिस तक जा पहुंचा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत की है। यात्री का आरोप है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद भी उसे करीब 5 घंटे तक बेवजह परेशान किया जाता रहा।

बताते चलें कि बेंगलुरु से सुबह 10:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान करीब आधा घंटा देरी से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची। इसी विमान से पत्नी शालिनी प्रिया और 3 वर्षीय बेटे अंश के साथ लखनऊ पहुंचे बेंगलुरु निवासी अंकित सहाय ने बताया कि उन्होंने बिजनेस क्लाॅस का टिकट लिया था, लेकिन बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उन्हें इकोनॉमी क्लास में बैठा दिया गया। अंकित का कहना है कि उन्होंने नॉनवेज भोजन प्री-बुक किया था, लेकिन उन्हें वेज भोजन परोसा गया।

उन्होंने वेज लेने से इनकार कर दिया। आरोप है कि बाद में जब उन्होंने कंप्लेंट फॉर्म मांग कर शिकायत दर्ज की तो क्रू मेंबर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। रास्ते भर विमान में उन्हें पानी तक नहीं दिया गया। आरोप है कि लखनऊ पहुंचने पर उन्हें विमान से उतरने नहीं दिया गया और बाद में सीआईएसएफ के माध्यम से पुलिस के हवाले कर दिया गया। यात्री ने आरोप लगाया है कि उन्हें पत्नी व बच्चों सहित करीब पांच घंटे तक परेशान किया जाता रहा। वहीं, एयरलाइन की ओर से आरोप लगाया गया है कि अंकित सहाय ने क्रू मेंबर पर बोर्डिंग पास फेंका और विमान में हंगामा किया, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने यात्री दंपति को छोड़ दिया है।

 

संबंधित समाचार