बरेली: देर रात तक पीलीभीत रोड की बिजली रही गुल
अमृत विचार, बरेली। पीलीभीत रोड पर रविवार शाम धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे काफी देर तक आग की लपटें उठती रहीं। इसके बाद ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई बंद हो गयी। शाम करीब 5.30 बजे आए फाल्ट की वजह से पीलीभीत रोड की कई कालोनियों में अंधेरा छा गया। इससे राज नगर, …
अमृत विचार, बरेली। पीलीभीत रोड पर रविवार शाम धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे काफी देर तक आग की लपटें उठती रहीं। इसके बाद ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई बंद हो गयी। शाम करीब 5.30 बजे आए फाल्ट की वजह से पीलीभीत रोड की कई कालोनियों में अंधेरा छा गया।
इससे राज नगर, गुलाबबाड़ी रोड में भी सप्लाई बंद हो गयी। रोजमर्रा की तरह लोग समझे कि एक-दो घंटे में बिजली आ जाएगी लेकिन देर रात 11 बजे तक बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हुई। इससे लोगों के घरों के अलावा पीलीभीत रोड के प्रतिष्ठान और कई रेस्टोरेंट के इन्वर्टर भी जवाब दे गये।
रेस्टोरेंट वालों को ज्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ीं। उन्हें दिये जलाकर ग्राहकों को खाना खिलाना पड़ा क्योंकि 11 बजे के बाद रेस्टोरेंट खोलने पर पुलिस भी परेशान करती है। पीलीभीत हाईवे पर भी सन्नाटा छाया रहा। सर्द रात में कोहरे के बीच बिजली नहीं होने से दोपहिया वाहन और साइकिल वालों को राह चलने में ज्यादा परेशानी हुई। बताते हैं कि राजनगर कालोनी के पास सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में धीरे-धीरे चिंगारी सुलग रही थी। अचानक चिंगारी ने आग का रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर से लपटें उठने लगीं। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर के आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। तेज धमाके की आवाज से एक बार को लोग भी डर गए थे।
डेलापीर उपकेंद्र पर मरम्मत कार्य से छह घंटे बाधित रही सप्लाई
डेलापीर उपकेन्द्र पर मरम्मत कार्य के चलते करीब आधा दिन बिजली गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं आने से घरों में सबमर्सिबल पंप नहीं चले। इससे लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। मरम्मत कार्य के चलते सौ फुटा रोड, मंडी क्षेत्र, राजेंद्र नगर समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। सुबह-सुबह बिजली न होने से लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ा। विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधीक्षण अभियंता अनुज गुप्ता ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते रविवार को शटडाउन लिया था। बिजली गुल रहने के संबंध में आमजन को संदेश पहुंचवा दिया था।
