योगी सरकार का बड़ा कदम : यूपी में महिला छात्रावासों के निर्माण की पहली किस्त जारी, 4000 महिलाओं को लाभ
लखनऊ, अमृत विचार: शहरी क्षेत्रों में रोजगार के लिए आने वाली कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में आठ श्रमजीवी महिला छात्रावासों के निर्माण कार्य को तेज कर दिया गया है।
केंद्र सरकार की एसएएससीआई योजना के अंतर्गत संचालित इस योजना के लिए कुल 382 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 251.82 करोड़ रुपये (करीब 66 प्रतिशत) पहली किस्त के रूप में जारी कर दिए गए हैं। इससे निर्माण कार्य को उल्लेखनीय गति मिली है।
प्रदेश सरकार ने अप्रैल 2025 में सीएंडडीएस को इस परियोजना का कार्यदायी संस्थान नामित किया था। विभागीय स्तर पर भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वर्तमान में लखनऊ में 3, गौतमबुद्धनगर में 4 और गाजियाबाद में 1 कुल आठ छात्रावासों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
प्रत्येक छात्रावास की क्षमता 500 महिलाओं की होगी, जिससे कुल 4,000 कामकाजी महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। गाजियाबाद के सूर्यनगर क्षेत्र में प्रस्तावित छात्रावास के लिए आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया प्रगति पर है। स्वीकृति मिलते ही वहां भी निर्माण कार्य तेज कर दिया जाएगा।
