विधानसभा में बजट पर चर्चा आज से, विधायकों को विचार रखने का मिलेगा अवसर, सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार
लखनऊ, अमृत विचार: विधानसभा में सोमवार से वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा की शुरुआत हो रही है। प्रदेश सरकार ने 12 फरवरी को बजट प्रस्तुत किया था, जिस पर अब सदन में विस्तार से विचार किया जाएगा। चर्चा शुक्रवार तक चलेगी और अंतिम दिन बजट को पारित कराने की कार्यवाही होगी। सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं, ऐसे में सदन के हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है।
विधानमंडल के बजट सत्र के तहत शुरू हो रही इस चर्चा में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पहले विधायकों को बजट पर अपने-अपने विचार रखने का अवसर देंगे। चर्चा के दौरान विभिन्न विभागों के बजटीय प्रावधानों, योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से बहस होगी। शुक्रवार तक चलने वाली बजट चर्चा का समापन दलीय नेताओं के संबोधन के साथ होगा। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय अपनी बात रखेंगे, जबकि नेता सदन योगी आदित्यनाथ के अंतिम दिन चर्चा का जवाब देने की संभावना है। मुख्यमंत्री के संबोधन को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों की ओर से खास तैयारी की जा रही है।
बजट पर सामान्य चर्चा के बाद सदन में अनुदानों की मांगों पर विचार किया जाएगा और फिर मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शुक्रवार को सदन की मंजूरी के साथ बजट पारित कराया जाएगा, जिससे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार की योजनाओं और खर्च का रास्ता साफ हो जाएगा। गौरतलब है कि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 11 फरवरी को विधानसभा में 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया था। यह बजट प्रदेश के इतिहास के सबसे बड़े बजटों में शामिल है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। बजट चर्चा के दौरान इन्हीं मुद्दों पर सदन में तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
सिंगापुर–जापान यात्रा पर जा सकते मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 22 से 27 फरवरी के बीच सिंगापुर और जापान की विदेश यात्रा संभावित है। इस दौरे को निवेश, औद्योगिक सहयोग और प्रदेश की आर्थिक क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री दोनों देशों में निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर संवाद करेंगे।
उनके साथ उच्चस्तरीय डेलीगेशन में मंत्री सुरेश खन्ना, नंदगोपाल गुप्ता नंदी और सुनील शर्मा शामिल रहेंगे। यह मंत्रीमंडलीय टीम निवेश, औद्योगिक विकास, ऊर्जा और वित्त से जुड़े विषयों पर संभावित साझेदारों के साथ बातचीत करेगी। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों की एक बड़ी टीम भी रहेगी। इसमें अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ अमित सिंह शामिल हैं। अधिकारियों की यह टीम निवेश प्रस्तावों, एमओयू, नीतिगत ढांचे और फॉलो-अप की रणनीति पर काम करेगी।
विधानसभा घेराव में जाएंगे कांग्रेस नेता
17 फरवरी को उत्तर प्रदेश विधानसभा के घेराव में जिले के कांग्रेसी जाएंगे। यह निर्णय संगठन की बैठक में लिया गया। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम रानू ने कहा कि प्रदेश की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करती रही है। 17 फरवरी का विधानसभा घेराव कार्यक्रम जनता की आवाज को बुलंद करने का एक सशक्त माध्यम होगा। सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, महानगर प्रवक्ता विनायक धर द्विवेदी ने भी अपनी बात रखी। रानू ने सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की है।
