सुलतानपुर : पत्नी को थप्पड़ मारने पर प्रेमी ने रेत दिया पति का गला, 13 साल पहले की थी लव मैरिज
लंभुआ/सुलतानपुर, अमृत विचार। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लगा मेला एक परिवार के लिए खौफनाक घटना में बदल गया। मामूली विवाद में पत्नी को थप्पड़ मारने की घटना ने खूनी साजिश का रूप ले लिया और प्रेमी ने पति की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रेमी फरार है।
जानकारी के अनुसार लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार (सरैया) गांव निवासी अमित सिंह ने 13 वर्ष पूर्व शिल्पी से प्रेम विवाह किया था। दंपती के तीन बच्चे शिवा (12), महक (9) और यश (9) हैं। अमित मुंबई में ट्रक चालक था और करीब छह माह पहले उसकी दोस्ती सुलतानपुर के कामतागंज निवासी दीपक सिंह से हुई थी, जो वहीं ट्रक चलाता था।
इसी दौरान दीपक का अमित के घर आना-जाना शुरू हुआ और शिल्पी से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच संबंधों की जानकारी होने पर पति-पत्नी में विवाद हुआ, जिसे परिजनों ने समझौते से शांत करा दिया था। बताया जाता है कि नवंबर 2025 में अमित पत्नी और बच्चों को सुलतानपुर भेजकर स्वयं मुंबई में काम करता रहा। इसी बीच दीपक भी नौकरी छोड़कर सुलतानपुर आ गया और शिल्पी से संपर्क में रहा।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर 13 फरवरी को अमित घर आया था। रविवार को पूरा परिवार घर से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित जनवारी नाथ धाम में दर्शन और मेला घूमने गया। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई और गुस्से में अमित ने शिल्पी को थप्पड़ मार दिया। यह दृश्य कथित प्रेमी दीपक ने देख लिया। रात में परिवार घर लौट आया और सब सामान्य बताया गया।
लेकिन सोमवार तड़के करीब पांच बजे दीपक घर में घुस गया और अलग कमरे में सो रहे अमित का चाकू से गला रेत दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। भयभीत शिल्पी बच्चों को लेकर मायके चली गई और बहन को घटना की जानकारी दी। बाद में उसने मुंबई में रह रहे देवर को फोन कर हत्या की सूचना दी।
देवर की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और खून से लथपथ शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में पत्नी शिल्पी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी दीपक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
प्रथम दृष्टया दीपक द्वारा हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्राथमिक जांच में दीपक से मृतक के पत्नी के प्रेम संबंध भी सामने आया है... चारू निगम, एसपी सुलतानपुर।
