मेरठ में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़: पुलिस ने 6 आरोपी किये गिरफ्तार, विदेशी कनेक्शन की जांच जारी
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लिसाड़ी गेट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित वीओआईपी टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग विदेशी कॉल को लोकल कॉल में बदलकर पहचान छिपाते थे और धोखाधड़ी के जरिए आर्थिक लाभ कमा रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
एसएसपी के अनुसार, दूरसंचार विभाग से मिल रही शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने समर गार्डन क्षेत्र में आयशा मस्जिद के पास छापेमारी कर फरदीन, नाजिम उर्फ फुरकान, फहीम, सुल्तान, शादाब और रहीस को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्जी तरीके से सिम कार्ड निकलवाते थे और उन्हें वीओआईपी जीएसएम वीओआईपी जीएसएम गेटवे मशीनों में लगाकर विदेशी कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित कर देते थे, जिससे कॉल करने वालों की पहचान छिप जाती थी।
पुलिस ने मौके से पांच वीओआईपी जीएसएम गेटवे मशीन, तीन लैपटॉप, 186 सिम कार्ड, वाई-फाई उपकरण, राउटर, एंटीना और मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना लिसाड़ी गेट में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
