Holi 2026: फागुन मास हुआ शुरू, अयोध्या के मंदिरों में चढ़ने लगा होली का रंग
अयोध्या, अमृत विचार : रामनगरी में होली उत्सव के रंग चटक होने लगे हैं, 18 फरवरी से फागुन माह प्रारंभ होने के साथ राम मंदिर के अलावा कनक भवन, हनुमान गढ़ी, दशरथ महल, लाल साहब दरबार, राम वल्लभा कुंज, बड़ा भक्तमाल, लक्ष्मण किला, रामलाल सदन, हनुमत निवास, चारु शिला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में उत्सव को भव्यता के साथ मनाया जाएगा। कहीं रंगों की होली तो कहीं फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा।
संत-महंत हारमोनियम, ढोल, मजीरे के साथ भजन और बधाई गीत गाते हुए उत्सव मनाएंगे। गर्भगृह में भगवान को विशेष प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास ने बताया कि इस दौरानतरह-तरह के व्यंजनों का पकवान बनाकर भगवान को अर्पित करते हैं और उसके बाद उसका प्रसाद भी ग्रहण करते हैं।
27 को मनाई जाएगी रंग भरी एकादशी
अयोध्या के सिद्ध पीठ हनुमान गढ़ी मंदिर में रंगभरी एकादशी पर खास उत्सव का आयोजन होता है। जहां बजरंग बली के निशान के साथ नागा साधु पहले हनुमान गढ़ी पर होली देखते है। इसके बाद जुलूस के रूप में सभी नागा साधु सड़कों पर रंग खेलते हुए अलग-अलग मंदिर में जाते हुए पंचकोसी परिक्रमा करते है। इस बार यह उत्सव 27 फरवरी को पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें :
यूपी में शहरी पुनर्विकास नीति-2026 लागू: 25 साल से अधिक पुराने भवनों को मिलेगी नई जिंदगी, स्ट्रक्चरल ऑडिट होगा अनिवार्य
