UP: स्वार में नकली कैल्शियम बेचते हुए पकड़ा गया दुकानदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वार, अमृत विचार। क्षेत्र में किसानों के शोषण का एक और मामला सामने आया है। फसल की पैदावार बढ़ाने के नाम पर किसानों को नकली खाद और दवाइयां बेची जा रही हैं। जिससे वे आर्थिक रूप से बर्बाद हो रहे हैं। मंगलवार को नकली कैल्शियम बेचने की सूचना पर गुड़गांव से आई कंपनी टीम ने नगर के मुख्य चौराहे के निकट स्थित शर्मा फर्टिलाइजर की दुकान पर छापामार कार्रवाई कर एक नकली कैल्शियम का कट्टा बरामद किया। 

कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानदार को यारा वीरा नाइट्रोजन कैल्शियम का नकली कट्टा 500 रुपये में बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जबकि बाजार में इसी कंपनी के असली कैल्शियम कट्टे की कीमत लगभग 1400 रुपये बताई जा रही है। सस्ते दामों का लालच देकर किसानों के साथ खुलेआम धोखाधड़ी की जा रही थी। छापेमारी करने वाली टीम का नेतृत्व कर रहे एरिया मैनेजर धर्मेंद्र कुमार ने तत्काल इसकी सूचना जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह को दी। सूचना मिलते ही जिला कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

 उन्होंने टीम को नकली खाद बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने कैल्शियम के नमूने लेकर लैब को भेजा है। कार्रवाई के दौरान नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खाद बीज विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। गौरतलब है कि क्षेत्र में लंबे समय से नकली खाद एवं कीटनाशक और कृषि दवाओं का अवैध कारोबार फल फूल रहा है। इसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है, जहां मेहनत की कमाई लूटने के साथ साथ फसलें भी खराब हो रही हैं।

संबंधित समाचार