यूपी बोर्ड : 10वीं और 12वीं की परीक्षा आज से शुरू, तैनात किए गए मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा बुधवार से शुरू होगी। जिले में 130 परीक्षा केंद्रों पर 92135 छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस इंतजाम करने के साथ ही मजिस्ट्रेटों की लगातार निगरानी रहेगी। संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ही मजिस्ट्रेटों की निगरानी रहेगी। पेपरों को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखा गया है। इस पर सीसीटीवी से 24 घंटे नजर रखी जा रही है।

जिले में बुधवार से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 130 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में इस वर्ष 92135 छात्र छात्राएं यूपी बोर्ड की परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 49977 और इंटरमीडियेट में 42148 छात्र शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पिछले तीन दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। मंगलवार की शाम तक परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की। यहां से सीसीटीवी कैमरों की मदद से परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। स्टांग रूम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है।

परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए जिले को सात जोन में और 17 सेक्टर में बाटा गया है। नकल को रोकने के लिए 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की टीम हर समय परीक्षा केंद्र पर नजर बनाकर चेकिंग करती रहेगी। जिले में चिह्नित 9 संवेदनशील और चार अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के साथ-साथ पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

खुफिया विभाग भी रखेगा नजर
यूपी बोर्ड परीक्षा में किसी तरह की नकल न हो सके या पेपर आउट न किया जा सके इसके लिए पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। परीक्षा केंद्र के आस-पास संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ करेगी।

नहीं खुलेंगी फोटोस्टेट की दुकानें
जिले में बने 130 परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई भी फोटोस्टेट की दुकान नहीं खुलेगी। इसके लिए परीक्षा केंद्र के आसपास की दुकानदारों को पहले ही चेतावनी दे दी गई है। यदि कोई दुकान खुली पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन बनाने की पूरी तैयारी की जा चुकी है। कंट्रोल रूम के जरिये परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। 130 केद्रों की चेकिंग के लिए 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को नियुक्त किया गया है।

 

संबंधित समाचार