माह-ए-मुकद्दस रमजान: चांद के दीदार का इंतजार, बाजारों में चहल-पहल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रमजान माह की शुरुआत को लेकर रोजेदार तैयारी में जुट गए हैं। मस्जिदों में जहां तैयारी की जा रही है वहीं बाजार में इसके लिए खरीदारी बढ़ गई है। शहर इमाम हकीम सैयद मासूम अली आजाद ने बताया कि बुधवार को चांद दिखने की उम्मीद है।

यदि बुधवार की शाम चांद नजर आ जाता है तो जुमेरात को पहला रोजा रखा जाएगा। वहीं, अगर जुमेरात की रात चांद दिखाई देता है तो शुक्रवार को पहला रोजा रखा जाएगा। चांद के दीदार के बाद औपचारिक रूप से रमजान की शुरुआत का ऐलान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रमजान इस्लाम धर्म का सबसे पवित्र महीना माना जाता है, जिसमें रोजेदार सुबह सहरी के समय भोजन करने के बाद दिनभर रोजा रखते हैं और शाम को इफ्तार के साथ रोजा खोलते हैं। इस महीने में इबादत, तिलावत-ए-कुरान, तरावीह की नमाज और जरूरतमंदों को दान का विशेष महत्व होता है।

मस्जिदों में साफ-सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इधर, बाजारों में भी रमजान की तैयारियों को लेकर भीड़ बढ़ गई है। लोग खजूर, सेवइयां, फलों और इफ्तार से जुड़ी अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं।

इसके अलावा नए कपड़े, टोपी, इत्र और नमाज से संबंधित सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि रमजान के चलते बिक्री में तेजी आई है और आने वाले दिनों में और अधिक रौनक की उम्मीद है।

संबंधित समाचार