Moradabaad : फुलैरा दूज पर शहनाइयों की गूंज, 300 से अधिक जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
होटल-मैरिज हॉल रहे फुल, बाजारों में देर शाम तक रही रौनक, ब्यूटी पार्लर गुलजार
मुरादाबाद, अमृत विचार। फुलैरा दूज का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार को शहर में शहनाइयों की मधुर धुन गूंजती रही। हाइवे से लेकर प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों में शादी समारोहों की रौनक रही। बैंडबाजे की धुन पर सजे-धजे बराती झूमे।
फुलैरा दूज के शुभ मुहूर्त पर गुरुवार को 300 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। ज्योतिषीय दृष्टि से इस दिन को अत्यंत शुभ माना जाता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोगों ने अपने विवाह कार्यक्रम इसी तिथि पर तय किए थे। शादी समारोहों की अधिकता के कारण शहर के सभी होटल, मैरिज होम, बैंक्वेट हॉल और धर्मशालाएं कई दिनों पहले ही बुक हो चुके थे। शादी समारोह के चलते बाजारों में भी रौनक रही। रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। दूल्हा-दुल्हन के परिधान से लेकर परिवार के अन्य सदस्यों के कपड़ों की जमकर खरीदारी की गई। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तनों और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल रही। ब्यूटी पार्लरों पर भी सुबह से देर शाम तक भीड़ रही। दुल्हनों और परिजनों के मेकअप व अन्य तैयारियों के लिए पहले से ही स्लॉट बुक कर लिए गए थे। वहीं बैंडबाजे, घोड़ी संचालक और पुजारियों की भी पहले से बुकिंग हो चुकी थी।
बारातों के चलते कई स्थानों पर लगा जाम
फुलैरा दूज पर बारातों के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनती रही। मुरादाबाद क्लब के सामने, बुधबाजार, प्रकाश नगर चौराहा, दिल्ली रोड स्थित धर्मकांटा, चौधरी चरण सिंह चौक, आशियाना समेत कई जगहों पर बैंडबाजों के साथ गुजर रही बारातों से यातायात प्रभावित हुआ।
