गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर भीषण हादसा, रोडवेज बस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
गोंडा, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर शिवगढ़ पौधशाला के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक बलरामपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के धनौली गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश और 20 वर्षीय दीपांशु साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से बलरामपुर जनपद स्थित अपनी बुआ गीता देवी के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि आकाश इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था और परीक्षा न होने के कारण वह दीपांशु के साथ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।
दीपांशु साहू दिल्ली में रहकर कारपेंटर का काम करता था और शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही खरगूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और अज्ञात रोडवेज बस की तलाश की जा रही है।
