बाराबंकी में बोर्ड परीक्षा के दौरान 3 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, इलाज के लिए भेजा गया CHC 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील सिरौली गौसपुर क्षेत्र स्थित सुंदरलाल इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा के दौरान शनिवार को हड़कंप मच गया। यहां पर परीक्षा दे रही एक छात्रा अचानक कक्ष में बेहोश होकर गिर पड़ी। वहीं दो अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ी, स्कूल प्रशासन ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर छात्राओं को सीएचसी बड़ागांव भिजवाया, जहां उपचार के बाद हालत स्थिर हुई। 

जानकारी के अनुसार बेहोश हुई छात्रा उम्मेहया पुत्री मोहम्मद आसिफ, निवासी ग्राम बांसा थाना मसौली है। बताया जा रहा कि छात्रा पूर्व से उपचाराधीन थी, परीक्षा के दौरान मानसिक दबाव और घबराहट के कारण उसकी तबीयत और बिगड़ गई। 

प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार हो गया। इसी कालेज की दो अन्य छात्राओं की तबीयत भी परीक्षा के बीच बिगड़ी। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। स्वास्थ्य स्थिर होने पर दोनों छात्राएं पुनः परीक्षा में शामिल हुईं। 

परीक्षा अवधि के दौरान छात्राओं के अस्वस्थ होने की घटनाएं सामने आने से अभिभावकों और शिक्षक चिंतित हैं। विशेषज्ञों की मानें तो परीक्षा का दबाव, तनाव, पर्याप्त नींद की कमी, पोषण असंतुलन और पूर्व स्वास्थ्य समस्याएं ऐसे मामलों के प्रमुख कारण हो सकते हैं। विशेषज्ञों की अपील है कि परीक्षा के समय बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए।

ये भी पढ़ें : 
मोर का शिकार करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत FIR, ग्रामीणों की सतर्कता से खुलासा 

संबंधित समाचार