कासगंज : मकान में 5 शव मिलने से सनसनी, दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस
कासगंज, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में कासगंज जिले के अमापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित रुप से अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर खुद फांसी लगा ली। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि क्षेत्र में नगला भोजराज गांव में एक सत्यवीर फौजी (50) ने अपनी पत्नी राम श्री (48),पुत्री प्राची (12),पुत्री अमरवती (10) और पुत्र गिरीश (9) की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी और बाद में फांसी लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।
उन्होने बताया कि मृतक सत्यवीर फ़ौजी बेल्डिंग का काम करता था और पूरा परिवार दो दुकानों में रह रहा था। पिछले दो दिनो से जब दुकान नहीं खुली तो पड़ोसियों ने शक जताते हुये आज दराज से झांक कर देखा तो अंदर का नजारा देख कर होश उड़ गये। सूचना पर अमापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।
इस दौरान कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा घटना स्थल पर मौजूद रही। सूत्रों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
