UP Board Exam: 4277 ने छोड़ी अंग्रेजी, कृषि और सामाजिक विषय की परीक्षा, पांच सचल दलों ने दोनों पालियों में 45 परीक्षा केंद्रों का किया दौरा
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2026 के चौथे दिन हाई स्कूल के सामाजिक विषय और इंटरमीडिएट की अंग्रेजी की परीक्षा संपन्न हुई। इसके अलावा इंटरमीडिएट के कृषि विज्ञान की परीक्षाएं संपन्न हुई। प्रथम पाली में हाई स्कूल सामाजिक विज्ञान और कृषि सदस्य विज्ञान इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत 51753 छात्र-छात्राओं में से 49435 उपस्थित रहे। जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी के पेपर में 47930 परीक्षार्थियों में से 45971 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में मिलाकर कुल 4277 छात्र-छात्राओं में परीक्षा छोड़ दी। लखनऊ में कल 120 परीक्षा केंद्रों और जिला कारागार पर बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न कराई जा रही हैं।
इस दौरान जिले में पांच सचल दल का गठन किया गया है। शनिवार को हुई परीक्षा में सभी सचल दलों ने प्रथम पाली में 24 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जबकि दूसरी पाली में 21 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि परीक्षा शुचिता पूर्ण और नकल विहीन संपन्न हो रही है किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।
संस्कृत बोर्ड परीक्षा में 44 रहे नदारद
उत्तर प्रदेश संस्कृत बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर मध्यमा और पूर्व मध्यमा कक्षाओं की परीक्षाएं दो पालियों में कराई गई। दोनों ही पालियों में हिंदी विषय की परीक्षा हुई। जिम कुल पंजीकृत छात्रों में से 44 छात्र परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए।
