UP: नहीं थम रहा ''यादव जी की लव स्टोरी’ का विरोध, सड़कों पर उतरा यादव समाज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल, अमृत विचार। फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के खिलाफ यादव समाज के हजारों लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बहजोई में कलेक्ट्रेट के निकट बड़ा मैदान पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में दो टूक कहा गया कि फिल्म पर पाबंदी नहीं लगी तो परिणाम अच्छा नहीं होगा। समाज अपने गौरव की रक्षा के लिए पूरी ताकत से विरोध पर उतरेगा। फिल्म पर पाबंदी की मांग को लेकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

यादव समाज की तरफ से चार दिन पहले 21 फरवरी को बहजोई बड़ा मैदान पर प्रदर्शन के कार्यक्रम का ऐलान किया गया था। शनिवार को सुबह से ही जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से यादव समाज के लोग बड़ा मैदान पर पहुंचने शुरु हो गये। दोपहर 12 बजे तक बड़ा मैदान पर एक हजार से ज्यादा लोग इकट्ठा हो चुके थे। सभी लोग अपने हाथों में फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के खिलाफ नारे लिखे पोस्टर व बैनर उठाए हुए थे। इसके साथ ही फिल्म के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी हो रही थी।

भाजपा के पूर्व एमएलसी भारत सिंह यादव ने कहा कि किसी भी समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली फिल्म स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को रिलीज प्रस्तावित यह फिल्म समाज को नीचा दिखाने की कोशिश है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब फिल्म के किरदार, निर्माता या लेखक यादव समाज से नहीं हैं तो समाज का नाम क्यों जोड़ा गया है। उन्होंने सरकार से फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि जाति विशेष को निशाना बनाकर फिल्म बनाना गलत परंपरा है। प्रधान राजीव यादव राजू ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल फिल्म को रुकवाना है और सरकार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। सपा नेता सुनील यादव ने कहा कि समाज के अपमान की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। फिल्म निर्माता गलत कर रहा है तो सरकार को चाहिए कि वह फिल्म पर सख्त पाबंदी लगाने का काम करे ताकि आगे से कोई फिल्म निर्माता किसी समाज या जाति को बदनाम करने का साहस न कर सके। नरेश पाल यादव एडवोकेट ने कहा कि फिल्म से समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। अशोक यादव ने बताया कि डीएम की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर नीतू रानी को ज्ञापन सौंपकर 27 फरवरी को प्रस्तावित रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है।

प्रदर्शन में पंवासा ब्लॉक प्रमुख पति हृदेश यादव, गुन्नौर ब्लॉक प्रमुख आशीष कुमार उर्फ हनी यादव, ब्लॉक प्रमुख गौरव यादव, भाकियू असली के जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, शंकर सिंह यादव, महेश यादव, सुरेंद्र यादव, रवि यादव, विकास यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव यादव, किसान नेता जयवीर सिंह सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
संभल। बहजोई बड़ा मैदान पर यादव समाज के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट और बड़ा मैदान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। सीओ डॉ प्रदीप कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर संत कुमार,इंस्पेक्टर अजीत कुमार, थाना प्रभारी धनारी संजय कुमार, थाना प्रभारी बनियाठेर मनोज कुमार वर्मा के साथ ही भारी संख्या में पुलिस और आरआरएफ के जवान तैनात रहे।

स्टंटबाजी पर पुलिस ने युवक को पकड़ा, समर्थकों ने छुड़ाया
संभल। फिल्म के विरोध में प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बाद उस समय माहौल गरमा गया जब शरद यादव नाम के एक युवक ने बड़ा मैदान पर हजारों की भीड़ के बीच कार पर चढ़कर स्टंटबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए युवक को हिरासत में लेने का प्रयास किया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नोएडा निवासी शरद यादव विरोध कार्यक्रम के बाद वाहन से करतब दिखा रहा था। इसे देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे गाड़ी से नीचे उतारकर हिरासत में लेने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ युवक भड़क गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। बताया गया कि समर्थकों ने पुलिस की हिरासत में लिए गए युवक को छुड़ाकर वापस गाड़ी में बैठा दिया और उसे वहां से रवाना कर दिया।

संबंधित समाचार