Adani Group : अदाणी ग्रुप ने एएएलपी 2025-27 बैच के तहत की स्कॉलरशिप की घोषणा
लखनऊ। अदाणी ग्रुप ने समावेशी नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण की अपनी प्रतिबद्धता के तहत अदाणी एक्सेलरेटेड लीडरशिप प्रोग्राम (एएएलपी) 2025-27 बैच के लिए देश के प्रमुख बिजनेस स्कूलों के 24 छात्रों को फुली-फंडेड स्कॉलरशिप प्रदान करने की घोषणा की है। जारी विज्ञप्ति के अनुसार चयनित छात्र आईआईएम बेंगलुरु, आईआईएम कोलकाता, आईआईएम लखनऊ और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस से हैं।
इन्हें अहमदाबाद स्थित समूह मुख्यालय में करण अदाणी द्वारा सम्मानित किया गया। अदाणी अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के प्रबंध निदेशक और अदाणी सीमेंट के निदेशक हैं। एएएलपी स्कॉलरशिप का उद्देश्य आर्थिक रूप से वंचित लेकिन प्रतिभाशाली और नेतृत्व क्षमता से संपन्न प्रबंधन छात्रों को सहयोग देना है।
चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक उत्कृष्टता और आर्थिक आवश्यकता दोनों को महत्व दिया गया है, ताकि पृष्ठभूमि की सीमाओं से परे प्रतिभा को अवसर मिल सके। 2025-27 बैच में आयुष श्रीवास्तव (आईआईएम लखनऊ) शामिल हैं, जिन्होंने 500 से अधिक इंजीनियरों को जटिल ऑयल एवं गैस सिस्टम में प्रशिक्षण दिया है और यूरोप के ऑफशोर ऑपरेशंस में महत्वपूर्ण तकनीकी उन्नयन का नेतृत्व किया है।
इसी प्रकार आनंद बाबू कामिनेनी (आईआईएम कोलकाता) ने जेईई, कैट और यूपीएससी जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में शीर्ष 0.1 प्रतिशत में स्थान प्राप्त किया है। बैच में मधु गुप्ता और कनव बंसल भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय पेशेवर उपलब्धियां हासिल की हैं।
समूह के अनुसार एएएलपी के अंतर्गत छात्रों को आर्थिक सहायता के साथ उद्योग अनुभव, मेंटरशिप और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर एवं व्यावसायिक प्लेटफॉर्म पर कार्य करने का अवसर भी प्रदान किया जाता है, जिससे शैक्षणिक अध्ययन और व्यावहारिक अनुभव के बीच सशक्त सेतु स्थापित होता है।
