UP: छात्रों की वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 16 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

धौरहरा, अमृत विचार। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी वैन और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 16 छात्र-छात्राएं और चालक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा, जहां घायलों का उपचार चल रही है।

उमा देवी पब्लिक स्कूल रामपुर कोठिया से छात्र-छात्राएं वैन से सवार होकर गायत्री देवी इंटर कॉलेज रमियाबेहड़ में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। वैन में चालक समेत 17 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान धौरहरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रमियाबेहड़ में गैस एजेंसी के पास वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वैन में सवार 17 वर्षीय चंचल पुत्र दीवान निवासी बेलपुरवा स्टीयरिंग में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थानाध्यक्ष विवेक कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 

अन्य घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमियाबेहड़ भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद रमियाबेहड़ चौराहे पर सन्नाटा पसर गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर धौरहरा एसडीएम शशिकांत मणि, निघासन एसडीएम राजीव निगम, तहसीलदार आदित्य विशाल और पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

घायलों की सूची
1. अंजली (18 वर्ष) निवासी गड़ोसा
2. शिवांश (17 वर्ष) पुत्र संदीप निवासी  गड़ोसा
3. शिवानी (18 वर्ष) कोठिया
4. तनु (18 वर्ष) पुत्री दिनेश 
5. संध्या (18 वर्ष) निवासी चमेली
6. सोभित (19 वर्ष) पुत्र संतोष निवासी राजापुर
7. चेतराम (20 वर्ष) पुत्र छोटकन निवासी चमेली
8. विवेक (16 वर्ष) पुत्र राजेश गड़ोसा
9. शिवांशी (17 वर्ष) पुत्री उत्तम निवासी गड़ोसा
10. नैंसी (16 वर्ष) पुत्र विनोद निवासी चमेली
11. रितिका (17 वर्ष) पुत्री राम मोहन निवासी चमेली
12. श्रुति (16 वर्ष) पुत्री रंजीत निवासी बेलपुरवा
13. सोमवती (16 वर्ष) पुत्री श्रीकृष्ण निवासी बेलपुरवा
14. समीर (18 वर्ष) पुत्र इसरार निवासी चमेली  
15. पिंकी (17 वर्ष) पुत्री प्रमोद यादव निवासी धनीराम पुरवा 
16 . नबी अहमद (30 वर्ष) पुत्र ताज खान निवासी बड़ागांव (चालक)
मृतक
चंचल (17) पुत्र दीवान निवासी बेलपुरवा

संबंधित समाचार