Uttrakhand: अल्मोड़ा में 95 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण, बीएलए नियुक्ति में तेजी लाने की एडीएम ने की अपील
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जनपद में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं प्री-एसआईआर की प्रगति को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित बैठक में प्री-एसआईआर की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से बीएलए प्रथम एवं द्वितीय की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करें, जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपादित किया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 5,32,944 मतदाता पंजीकृत हैं।
प्री-एसआईआर के तहत अब तक 95.57 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है। जिन बूथों पर मैपिंग कार्य अपेक्षित गति से पूर्ण नहीं हुआ है, वहां संबंधित राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने में सहयोग दें। एडीएम ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटि रहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित पक्षों से समयबद्ध एवं समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।
