लिव-इन पार्टनर्स मर्डर केस:बंद होंगी खुली सीढ़ियां, बनेगा सीसीटीवी ग्रिड

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गल्ला मंडी में हुए सनसनीखेज लिव-इन पार्टनर्स मर्डर केस के बाद पुलिस और मंडी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। एसएसपी कैंप कार्यालय में मंगलवार को हुई बैठक में मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पुनर्गठित करने पर सहमति बनी। अहम निर्णय यह रहा कि मंडी में इमारतों तक जाने वाली सभी खुली सीढ़ियों को बंद किया जाएगा।

बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि मंडी परिसर में स्थित भवनों और गोदामों की छतों तक जाने वाली सीढ़ियों और मार्गों को बंद किया जाएगा, ताकि ऊंचे स्थानों का दुरुपयोग न हो सके। रात 9 बजे से सुबह 3 बजे तक मंडी परिसर की कैंटीन भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंडी समिति और पुलिस विभाग की संयुक्त कमेटी गठित की जाएगी, जिसमें फायर और संचार विभाग के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। यह कमेटी पूरे परिसर का सुरक्षा ऑडिट करेगी और निगरानी के लिए आधुनिक सीसीटीवी ग्रिड तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा मंडी में कार्यरत सभी मजदूरों और कर्मचारियों का सत्यापन अनिवार्य किया जाएगा। प्रत्येक आढ़ती, श्रमिक और कर्मचारी को मंडी समिति की ओर से पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। मंडी गेट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी और प्रकाश व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा।

बता दें कि बीते बुधवार रात मंडी परिसर में दो लोगों की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन पर सवाल उठे थे। बैठक में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव दिग्विजय सिंह देव, कोतवाल विजय सिंह मेहता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार