Uttrakhand: भीख मंगवाने के लिए किया था मासूम का अपहरण, हरिद्वार नशेड़ी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरिद्वार, अमृत विचार। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो साल की बच्ची के अपहरण के मामले में नशेड़ी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस आरोपी ने भीख मंगवाने के प्रयोजन से बच्ची का अपहरण किया था। हालांकि पुलिस के क्विक एक्शन और चौतरफा घेराबंदी पर आरोपी बच्ची को घटना के चार घंटे के अंदर ही सार्वजनिक स्थल पर लावारिस छोड़कर फरार हो गया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीती 20 फरवरी की आधी रात हरदोई (उत्तर प्रदेश) निवासी सोनी पत्नी इंद्रपाल की दो साल की पुत्री का तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ से अपहरण कर लिया गया था। बच्ची की मां की सूचना पर पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डे आदि सार्वजनिक स्थानों पर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया था तो रिकॉर्ड समय में ही अपहृत बच्ची को देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास सकुशल बरामद कर लिया गया था। हालांकि अपहरणकर्ता हत्थे नहीं चढ़ पाया था।

एसएसपी नवनीत सिंह ने सोमवार को बताया कि, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और तकनीकी/मैनुअल विश्लेषण के बाद बच्ची के अपहरणकर्ता के रूप में रवि कुमार (28) निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार की पहचान हुई, जिसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, वह नशे का आदी है। उसकी योजना बच्ची को किसी दूसरे शहर में ले जाकर उससे भीख मंगवाकर नशे के लिए धन अर्जित करने की थी लेकिन ऋषिकुल तिराहे बस अड्डे पर पुलिस की सघन चेकिंग देखकर घबराकर वह बालिका को वहीं छोड़कर फरार हो गया था।

संबंधित समाचार