बरेली: ऑयल हीटर से कमरे में कम नहीं होगी ऑक्सीजन
अमृत विचार,बरेली। सर्दी का कहर शुरू होते ही बाजार में हीटर, इमल्सन रॉड से लेकर गैस गीजर की मांग में चार गुना बढ़ोतरी हो गई है। इस बार बाजार में ऑयल हीटर ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है। यह हीटर कमरे में ऑक्सीजन को नहीं सोखता है, जिससे अन्य हीटरों की तरह होने वाले …
अमृत विचार,बरेली। सर्दी का कहर शुरू होते ही बाजार में हीटर, इमल्सन रॉड से लेकर गैस गीजर की मांग में चार गुना बढ़ोतरी हो गई है। इस बार बाजार में ऑयल हीटर ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है। यह हीटर कमरे में ऑक्सीजन को नहीं सोखता है, जिससे अन्य हीटरों की तरह होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है।
विक्रेताओं के मुताबिक ऑयल हीटर में तेल होने की वजह से यह कमरे में कार्बनडाइ ऑक्साइड का कम उत्सर्जन करता है, जो स्वास्थ्य के लिए कम हानिकारक होता है। बाजार में ब्रांडेड कंपनी का ऑयल हीटर 7500 से 10,000 रुपये तक का मिल जाएगा। वहीं, सर्दी की शुरुआत होते ही बाजार में बढ़ी मांग के साथ ही हीटर, गैस गीजर, इलेक्ट्रानिक गीजर आदि की कमी हो गई है। विक्रेताओं के मुताबिक अगला आर्डर लगाने पर सप्लाई करने के लिए 10 से 15 दिन का समय लिया जा रहा है।
सन हीटर और टॉवर हीटर भी ग्राहकों को लुभा रहे
कारोबारी अरुण कुमार ने बताया कि ऑयल हीटर के साथ ही इस बार बाजार में सन हीटर भी मौजूद हैं, जो हीटर का तो कार्य कर ही रहा है, साथ ही ब्लोअर का भी कार्य कर रहा है। ब्लोअर खरीदने आने वाले ग्राहक इस हीटर को अधिक मांग रहे हैं। वहीं टॉवर हीटर भी ग्राहकों को लुभा रहा है।
एकदम बढ़ी बिक्री
कारोबारी जोगेंद्र साहनी ने बताया कि ठंड बढ़ने के कारण ब्लोअर, रूम हीटर, गीजर आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बिक्री में वृद्धि हुई है। सर्दी को देखते हुए दुकानदारों ने भी दूसरे राज्यों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बड़ी संख्या में मंगाए हैं।
विभिन्न हीटर बाजारों में मौजूद
कारोबारी हिमांशु ने कहा कि समय के साथ इलेक्ट्रॉनिक सामग्री में खास बदलाव आए हैं। सामान्य रूम हीटर के साथ ब्लोअर और गीजर भी है। ठंड में इनकी काफी डिमांड है। वहीं कई आधुनिक सुविधाओं के साथ रूम हीटर, ब्लोअर और गीजर बाजार में आया है।
चार गुना बढ़ी मांग
कारोबारी अंकुर बताते हैं कि पिछले दिनों से शुरू हुई ठंड की वजह से चार गुना मांग बढ़ गई है। अधिकांश कंपनियां 15 दिसंबर के बाद उत्पादन करना बंद कर देती हैं, ऐसे में माल की कमी बाजार में होने लगी है। कोरोना की वजह से उम्मीद नहीं थी, लेकिन कोरोबार जितना सोचा था उससे अधिक हुआ है।
