पीलीभीत: एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते वनकर्मी को पकड़ा, मची खलबली
माधोटांडा, अमृत विचार। रेत के ट्रकों से अवैध वसूली का खेल उस वक्त बेनकाब हो गया, जब एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक न्यूनतम वेतन कर्मी पर कार्यरत एक वनकर्मी को रंगे हाथों दबोच लिया। गुरुवार को माधोटांडा क्षेत्र के लालपुल के पास हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से पांच हजार रुपये की रिश्वत भी बरामद की गई। ट्रक चालक की पूर्व में की गई शिकायत के बाद हुई इस गिरफ्तारी से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। पूरे महकमे में खलबली मची हुई है।
बता दें कि माधोटांडा क्षेत्र के पिपरिया संतोष निवासी फैय्याज ट्रक चलाते हैं। वह उत्तराखंड से रेता बजरी लाकर बेचते हैं। उत्तराखंड से यूपी सीमा पर घुसने के बाद महोफ रेंज के लालपुल के बॉर्डर पर कार्यरत न्यूनतम वेतन कर्मी संजीव कुमार उनसे अवैध वसूली करता है। चर्चा है कि रुपये अन्य वन विभाग के कर्मचारियों की शह पर करता था। जिस वजह से यहां से गुजरने वाले ट्रक चालक परेशान थे। इस पर मामले की शिकायत बरेली में एंटी करप्शन को दर्ज कराई गई थी। सूचना मिलने के बाद टीम ने इस पर गोपनीय जांच की। इसके बाद गुरुवार दोपहर 3:10 बजे टीम ने चेक पोस्ट पर छापा मारा और न्यूनतम वेतन कर्मी संजीव कुमार को मौके पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन की ओर से यह कार्रवाई ट्रैप प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में की गई। आरोपी के खिलाफ माधोटांडा थाने में तहरीर दी गई है। टीम माधोटांडा सीएचसी में मेडिकल कराने के बाद आरोपी को अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
