बाराबंकी : पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में शुक्रवार की भोर एक 28 वर्षीय युवक ने बंद कमरे के अंदर बेल्ट के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक की पत्नी और ससुराल पक्ष पर मारपीट व प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

बताया जा रहा है कि बाबू उर्फ सलीम का बेटा हलीम एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी रेहाना को लेने उसके मायके इटौला, थाना महमूदाबाद जनपद सीतापुर गया था। आरोप है कि वहां पत्नी रेहाना, उसकी मां कमरूल, भाई शब्बीर, उसकी पत्नी व ससुर अमीर हसन ने उसके साथ मारपीट की और दोबारा न आने की बात कही। पुलिस हस्तक्षेप के बाद हलीम वापस घर लौट आया, लेकिन वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

शुक्रवार सुबह रोजे के चलते परिवार के साथ सेहरी करने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने देखा तो वह फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे फतेहपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कोतवाल आशुतोष मिश्रा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार