प्रदेश के जीआरपी बल में की जाए बढ़ोत्तरी : एडीजी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

नई दिल्ली : एडीजी (जीआरपी) प्रकाश डी. ने कहा कि यात्रियों की संख्या के हिसाब से रेलवे में पुलिस बल काफी कम है। इसे बढ़ाया जाना चाहिए। इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर जो नई चुनौतियां आ रही हैं, उसके लिए प्रदेश के सभी स्टेशनों पर सीसी कैमरे और बैग स्केनर मशीन जरूर लगाई जाएं।

एडीजी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित सातवें अखिल भारतीय जीआरपी प्रमुखों के सम्मेलन में बोल रहे थे। इस दौरान एडीजी प्रकाश डी. ने प्रदेश की जीआरपी से जुड़े लंबे समय से लंबित एवं अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाए। रेलवे की सीमाओं की फेंसिंग तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैगेज स्कैनर की स्थापना जैसे प्रबंध किए जाएं ।

उन्होंने कहा कि रेलवे में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन तथा सभी संविदा कर्मियों को फोटो पहचान पत्र जारी किए जाने की आवश्यकता है। इससे कोई भी असामाजिक तत्व यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा नहीं बन पाएगा।

सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे रेलवे बोर्ड के सीईओ सतीश कुमार ने जीआरपी से संबंधित सभी प्रस्तावों और मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किए जाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का आयोजन रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के सदस्य आर. राजागोपाल, मंजूषा जैन, हरि शंकर वर्मा एवं विवेक कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : होली पर रोडवेज की बड़ी तैयारी: निर्बाध रात्रिकालीन बस सेवाएं होंगी संचालित, इन रूटों पर चलने के निर्देश 

 

संबंधित समाचार