आयकर विभाग की नजर में दागदार रहा है मुरादाबाद
मुरादाबाद, अमृत विचार। उद्योग और निर्यात की नगरी मुरादाबाद में कर चोरी सामान्य बात है। इसी वजह से आयकर विभाग की टीम अक्सर कर चोरी के मामले में यहां छापेमारी करती रहती है। सर्राफा कारोबारी हरसहाय मल श्यामलाल ज्वेलर्स के शोरूम में छापेमारी मौजू है। साल के शुरू में टीम ने बड़ी कंपनी को निशाना …
मुरादाबाद, अमृत विचार। उद्योग और निर्यात की नगरी मुरादाबाद में कर चोरी सामान्य बात है। इसी वजह से आयकर विभाग की टीम अक्सर कर चोरी के मामले में यहां छापेमारी करती रहती है। सर्राफा कारोबारी हरसहाय मल श्यामलाल ज्वेलर्स के शोरूम में छापेमारी मौजू है। साल के शुरू में टीम ने बड़ी कंपनी को निशाना बनाया था। आखिरी दिनों में ज्वैलर्स का छापा चर्चा में है।
आयकर विभाग की टीम ने फर्म के मुरादाबाद, बरेली, बदायूं और लखनऊ के शोरूम को कार्रवाई के दायरे में लिया है। साल 2020 की शुरुआत में विभाग की टीम ने यहां बड़ी कंपनी को निशाना बनाया था। 21 फरवरी को विभाग की टीम ने दिल्ली रोड स्थित डिजाइनको एंड को. पर छापेमारी की थी। जबकि 17 जनवरी 2019 को वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा.पीके खन्ना के दवाखाना को कार्रवाई के दायरे में लिया था। उस समय भी मरीजों की वापस होना पड़ा था। कई दिन टीम जमी रही और भारी चोरी के सबूत हाथ लगे थे।
टीम के सदस्य चिकित्सक के दवाखाना से लेकर आवास तक दो दिन जमे रहे। निर्यातक कोहिनूर हैंडीक्राफ्ट को के प्रोपराइटर इफ्तिखार अली के बेटे की शादी भी चर्चा में रही। तब 15 दिसंबर 2016 को आयकर की टीम ने फैक्ट्री में दस्तक दी थी। कोहिनूर तिराहा स्थित फैक्ट्री पर आयकर की टीम ने तीन दिनों तक कंपनी का लेखा जोखा इकट्ठा किया था। तब विभाग को इस बात की जानकारी मिली थी कि निर्यातक के बेटे की शादी में अमेरिका की इवेंट कंपनी ने सारा प्रबंध किया था।
कांठ रोड स्थित अनुष्का चिकित्सालय पर विभाग की कार्रवाई लोग अभी भूल नहीं पाए हैं। 20 दिसंबर को टीम ने यहां रेड की थी। 72 घंटे तक आयकर विभाग ने चिकित्सक का घर और अस्पताल खंगाला था। यहां टीम को बड़ी कर चोरी मिली थी। मुरादाबाद में कारोबारी और चिकित्सक हमेशा विभाग के निशाने पर रहते हैं। साल की शुरुआत और विदाई में इस कार्रवाई को लेकर लोग खूब चर्चा कर रहे हैं।
