भाजपा का एक गिरोह देश को चला रहा है : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है। भाजपा की राजनीति चालाकी से प्रेरित है। भाजपा कम्युनल और नफरत की वाहक है। भाजपा का एक गिरोह देश को चला रहा है। इस गैंग से छुटकारा का रास्ता यूपी से ही निकल सकता है। भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग करने के सिवाय कुछ नहीं किया।
सपा प्रमुख, शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में सपा इन्टलेक्चुअल फोरम की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कारण देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था तहस-नहस हो रही है। भाजपा ने नई पीढ़ी को अंधेरे में धकेल दिया है। प्रगतिशील समाज में पाखंड और अंधविश्वास का कोई स्थान नहीं हो सकता है। शिक्षा और स्वास्थ्य का क्षेत्र पूरी तरह से बर्बाद है। मुख्यमंत्री विदाई पर्यटन पर हैं और अब जो एमओयू हो रहे है उनका क्या भविष्य है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीति भ्रामक और वीभत्स है। भाजपा सरकार ने पूरा बाजार विदेशियों को सौंप दिया है। भारत के बाजार और जमीन पर विदेशियों की नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बताएं कि आजादी के समय देश का क्षेत्रफल कितना था और आज क्षेत्रफल कितना है ।
बैठक में बुद्धिजीवी और शिक्षाविद ने कहा कि भाजपा ने बुद्धिजीवियों समेत समाज के सभी वर्गों को घोर निराशा में फंसा दिया है। भाजपा ने देश को ऐसे भंवर में फंसा दिया है, जिसका कोई ओर छोर नहीं है। आधुनिक समाज के संदेश वाहक अखिलेश पर ही देश को भरोसा है।
