UP: प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर आयकर टीम का डेरा, पूर्व सांसद एसटी हसन के समधी की है फैक्ट्री  

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। आयकर विभाग दिल्ली की टीम ने थाना गंज क्षेत्र के बगी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमएन इंडस्ट्री के नाम से दो प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर डेरा डाला हुआ है। काम करने वाले मजदूर भी अंदर ही हैं, जबकि मजदूरों के परिजन बाहर इंतजार कर रहे हैं। ये फैक्ट्री मुरादाबाद के पूर्व सांसद और सपा नेता एचटी हसन के समधी नईम खां उर्फ बब्लू और उनके पार्टनर मुनन खां की हैं।

शुक्रवार को भी सीआरपीएफ के जवानों के साथ आयकर विभाग दिल्ली की टीम ने गुरुवार सुबह करीब दस बजे दोनों फैक्ट्री में सर्वे शुरू किया था। जो गुरुवार रातभर के बाद शुक्रवार देर रात तक चलता रहा। आयकर विभाग टीम ने दोनों के आवासों पर भी छानबीन की थी, लेकिन सूचना है कि घरों से आयकर विभाग की टीम चली गई है। लेकिन दोनों फैक्ट्रियों पर छानबीन शुक्रवार देर रात तक जारी है। आयकर विभाग दिल्ली की टीम करीब 10 से ज्यादा गाड़ियों में नईम खां उर्फ बब्लू व पार्टनर मुनन खां की दोनों प्लाईवुड फैक्ट्री पहुंची थी। 

इसके साथ एक टीम मोहसिन ए आजम कॉलोनी स्थित नईम खान व शौकत अली रोड स्थित मुनन खां के आवासों पर पहुंची थी। लेकिन शुक्रवार को टीम आवास से फैक्ट्री चली गई। हालांकि टीम आवास से कुछ दस्तावेज लेकर निकली है, ऐसा आसपास के लोगों ने बताया है। नईम खान उर्फ बब्लू और मुनन खां दोनों पार्टनरशिप में प्लाईवुड की फैक्ट्री चलाते हैं और रामपुर के बड़े कारोबीरी हैं। छापेमारी के बाद से फैक्ट्री में अफरातफरी का माहौल है। 

आयकर विभाग के अधिकारी फैक्ट्री कर्मचारियों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। जबकि मजदूरों और मालिकों के मोबाइल तक टीम ने अपने कब्जे में ले रखे हैं। टीम कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, कंप्यूटर, खातों की लगातार जांच कर रही है। किसी को भी अंदर या बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई है। मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन की बेटी का निकाह नईम खान के बेटे से हुआ है। जबकि मुनन खान की बेटी की शादी नईम के दूसरे बेटे के साथ हुई है। नईम और मुनन भी आपस में समधी हैं।

आधिकारिक बयान का इंतजार
आयकर विभाग के सर्वे को करीब 36 घंटे हो गए हैं, लेकिन अभी तक आयकर विभाग के किसी अधिकारी ने कोई बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में रामपुर में चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। आयकर विभाग की टीम को फैक्ट्री में कुछ अनियमितता मिली या नहीं, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। मुनन बब्लू के नाम से रामपुर में दोनों कारोबारी का नाम प्रसिद्ध है। ऐसे में सभी की निगाहें आयकर विभाग की टीम के आधिकारिक बयान पर टिकी है।

संबंधित समाचार