Uttrakhand:हल्द्धानी की व्यवस्था सुधारने को पुलिस-प्रशासन के साथ दिन-रात एक करेंगे सात विभाग
हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्धानी की सड़कों पर पसरी अव्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदार संजीदा हैं। जनसुरक्षा इनकी प्राथमिकता में है। ऐसे में शुक्रवार को जिला प्रशासन व पुलिस ने हल्द्वानी शहर में विभिन्न विकास योजनाओं में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। डीएम व एसएसपी ने इन मानकों का बारीकी से अध्ययन किया और नागरिक सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही लक्ष्य पूर्ति के लिए समय सीमा भी तय की गई।
शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित कैंप कार्यालय में डीएम ललित मोहन रयाल ने सात विभागों- यूयूएसडीए, सिंचाई, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत, जल संस्थान और एचपीसीएल आदि विभागों के साथ शहर की विभिन्न विकास योजनाओं सड़क चौड़ीकरण, सीवर लाइन, पेयजल एवं गैस पाईप लाइन, सौन्दर्यीकरण, यूटिलिटी डक्ट शिफ्टिंग आदि की गहनता से समीक्षा की।
डीएम ने कहा कि हल्द्वानी शहर में जो भी प्रोजेक्ट्स हैं, उनकी गति दोगुनी की जाए। इसके लिए दो शिफ्टों दिन व रात में काम हो। उन्होंने यूयूएसडीए अधिकारियों को दोगुनी क्षमता से काम करने के लिए मैनपावर को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 13 मार्च तक इन कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य दिया। सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए प्रत्येक सप्ताह बैठक करने और एनओसी या अन्य समस्याओं के समाधान उक्त बैठक में ही करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम प्रमोद कुमार, यूपीसीएल ईई एसके गुप्ता, पेयजल निगम ईई एके कटारिया, सिंचाई ईई दिनेश सिंह रावत, लोनिवि ईई प्रत्यूष कुमार आदि मौजूद रहे।
ताकि न हो आमजन को परेशानी
डीएम ने कहा कि शहर में जहां भी सड़क, सीवर एवं पेयजल योजनाओं को योजनाबद्ध ढंग से करने को कहा। जैसे शहर में जिन आन्तरिक मार्गों में सड़क, सीवर पेयजल के काम प्रगति पर हैं उन्हें पूरा करने के बाद ही दूसरे क्षेत्रों में खुदान के लिए कहा ताकि आमजन को परेशानी नहीं हो। सुरक्षा के मद्देनजर सभी निर्माण स्थलों पर साईनेज बैरिकेडिंग, लाइटिंग एवं सैंडबैग का इस्तेमाल करें ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनों से बचा जा सके।
जिन सड़कों पर आवागमन ज्यादा, प्राथमिकता दें
डीएम के मुताबिक, जिन सड़कों पर आवागमन ज्यादा होता है, उन सड़कों को प्राथमिकता से पूरा करें। उन्होंने कहा प्रत्येक 10 दिन में कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर समीक्षा रिपोर्ट भी पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन आन्तरिक क्षेत्रों में पेयजल, सीवर लाईन आदि के कार्य पूरे हो चुके है।
शहर के लोगों को नहीं होगी पेयजल की दिक्कत
जमरानी बांध प्रोजेक्ट के निदेशक ने बताया कि काठगोदाम से तुमड़िया डैम तक बनने वाली नहर शीशमहल के पास फिल्टर हाउस का पानी नहर में आने से व्यवधान होने पर शेष पानी को गौला नदी मे डायवर्ट किया जाएगा। डीएम ने बताया इस समस्या का समाधान आपसी समन्वय के साथ करें ताकि शहर के लोगों को पेयजल की परेशानी नहीं हो।
अतिक्रमण मुक्त क्षेत्रों में 13 मार्च तक करें सौंदर्यीकरण
डीएम ने यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह से कहा कि कुसुमखेड़ा चौराहा, लामाचौड़, हनुमान मन्दिर तथा मंडी के निकट शनि बाजार चौराहा अतिक्रमण मुक्त हो गया है। इन चौराहों पर डीपीआर के तहत सौन्दर्यीकरण 13 मार्च 2026 से पहले पूरा किया जाए। इस पर सिंह ने कहा कि मेन रोड पर पुलिस चौकी है, उक्त चौराहे पर अतिक्रमण मुक्त करा दिया है। डीएम ने कहा कि पुलिस चौकी को मंडी गेट के समीप शिफ्ट करना है। इस के लिए 25 लाख की धनराशि मंडी परिषद को दो दिन में हस्तांतरित किया जाए ताकि चौराहे का चौड़ीकरण शीघ्र हो सके। पुलिस, नगर निगम, यूयूएसडी, सिंचाई आदि विभागों को संयुक्त निरीक्षण करने के भी निर्देश दिये।
तीनपानी से मंडी गेट का चौड़ीकरण होली बाद
हल्द्वानी: पहले चरण में तीनपानी से मंडीगेट का चौड़ीकरण होली पर्व के बाद होगा। इसके बाद तीनपानी से कॉलटैक्स तक चौड़ीकरण होगा। इस के साथ-साथ बिजली पोल, जलसंस्थान, पेयजल पाइप लाइनों को भी शिफ्टिंग किया जाएगा। तिकोनिया से काठगोदाम तक जितने भी वृक्ष सड़क की जद में आ रहे हैं उन्हें लॉपिंग किया जाए एवं पीपल के पेड़ों को अन्यत्र शिफ्टिंग की योजना पर काम किया जाएगा।
मलबा हटाया, न लगाया साइनेज बोर्ड: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जिन क्षेत्रों में काम हो रहा है, उन क्षेत्रों में कार्यदायी संस्था की ओर से कोई साइनेज बोर्ड, सैंडबैग, रिफलेक्टर आदि नहीं लगाए गए हैं। साथ ही सड़क का मलबा भी नहीं हटाया गया है जिससे दुर्धटना हो सकती है। इस संबंध में डीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए एवं अन्य अधिकारियों को नि उक्त क्षेत्रों मे साइनेज के साथ ही सड़क का मलबा हटाने पर के निर्देश दिए।
