Uttrakhand: बम की धमकी के बीच ओपीडी चलती रहीं और ऑपरेशन भी
हल्द्वानी, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज में बम होने की ईमेल के बाद हड़कंप मच गया लेकिन राहत की बात है कि चिकित्सा कार्यों में बाधा नहीं पड़ी। ओपीडी चलती रहीं और सर्जरी भी हुईं। हालांकि शैक्षणिक कार्य बाधित हुए।
मेडिकल कॉलेज परिसर में मेडिकल की कक्षाएं चलती हैं। साथ ही पैरामेडिकल की भी क्लास लगती हैं। इसके अलावा यहां पर नर्सिंग के भी बच्चे पढ़ते हैं। इन दिनों मेडिकल के बच्चों के पेपर भी चल रहे हैं। जब बम होने की सूचना आई तो उस समय क्लासें भी चल रहीं थीं।
प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली सावधानी रखते हुए सभी तरह के शैक्षणिक कार्यों को रोक दिया गया। जब स्थिति सामान्य हुई उसके बाद ही दोबार क्लासों का संचालन हुआ। इधर मेडिकल विद्यार्थियों में बम होने की सूचना को लेकर काफी चर्चा थी।
राहत की बात है कि मेडिकल कॉलेज के अधीन टीबी चिकित्सालय, एसटीएच और स्वामी राम कैंसर संस्थान में चिकित्सा सेवाएं जारी रहीं। एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि रोजाना की भांति ओपीडी हुई और आईपीडी में भी भर्ती मरीजों का उपचार जारी रहा। मंगलवार की दोपहर के समय किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं रही।
अदालत परिसरों की सुरक्षा होगी अभेद्य, बगैर आईडी प्रवेश नहीं
अमृत विचार: तमाम भवनों को बम से उड़ाने की मिल रहीं धमकियों के मद्देनजर प्रदेश में सभी न्यायालय परिसरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर व्यापक सुरक्षा ऑडिट कर कमियों के त्वरित निराकरण के आदेश दिए गए हैं। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। विशेषकर उच्च न्यायालय में प्रवेश केवल वैध आईडी या हाईकोर्ट बार की संस्तुति पर ही संभव होगा।
पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल की तैनाती
हल्द्वानी। निर्णय लिया गया है कि सभी न्यायालय परिसरों में पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की जाएगी। प्रवेश द्वारों पर बैरियर लगाकर एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था लागू की जाएगी तथा आगंतुकों की प्रभावी स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश में लगातार मिल रही धमकियों के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।
