फिर गरमाया हिन्द इंस्टीटयूट ट्रस्ट विवाद, प्रशासन रहा मुस्तैद, जानिए क्या है पूरा मामला
बाराबंकी, अमृत विचार। सफेदाबाद स्थित हिन्द इंस्टीटयूट में ट्रस्ट को लेकर विवाद ने फिर सिर उठाया है। संस्था के महिला व पुरूष अध्यक्षों ने शनिवार को अपनी सफाई देते हुए स्पष्ट किया कि केवल एक ट्रस्टी को भ्रमित कर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है और इसमें अस्पताल के पूर्व पदाधिकारियों की भूमिका है। हालांकि संस्था के विवाद को लेकर कानून व्यवस्था के मद्देनजर एसडीएम व सीओ भी यहां मौजूद रहे।
बताते चलें कि हिन्द अस्पताल का संचालन वर्ष 2004 से हो रहा है। जिसकी स्थापना के मूल में एक ट्रस्ट है। इस ट्रस्ट में कुल सात सदस्य थे, इनमें दो के त्यागपत्र व दो के जीवित न रहने के बाद अब केवल तीन ही ट्रस्टी बचे हैं। एक ट्रस्टी बृजकिशोर सिंह बहराइच के रहने वाले हैं और उनका दावा है कि वह संस्था के वास्तविक चेयरमैन हैं, इसके अलावा अन्य पदाधिकारी हैं। इसका विवाद न्यायालय में भी विचाराधीन है।
इस विवाद के बीच संस्था के चेयरमैन डा. आमोद कुमार सचान व चेयरपर्सन ऋचा मिश्रा हिन्द अस्पताल पहुंचे और अपनी बात रखी। इनका कहना है कि हिन्द अस्पताल के पूर्व अधिकारी वरूण श्रीवास्तव व रणविजय सिंह ने ट्रस्टी बृजकिशोर सिंह को भ्रमित कर रखा है। यही नहीं खुद एक समिति के जरिए बृजकिशोर को संस्था अध्यक्ष व बाकी को पदाधिकारी होने का दावा कर रहे जबकि यह पूरी तरह गलत है।
आज संस्थान अपने पैरों पर खड़ा है तो लोग पीछे पड़े हुए हैं। बताया कि उन लोगों ने भी कोर्ट में सिविल सूट दायर कर रखा है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी संगम कुमार के साथ मौजूद रहे उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी ने बताया कि कानून व्यवस्था को देखते हुए वह मौके पर रहे ताकि कोई विवाद की स्थिति न बने। मौके पर शांति का माहौल है।
