Bareilly : होली का अवकाश शुरू होते ही ट्रेनों में भीड़ उमड़ी, सीट मिलना हुआ मुश्किल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। होली की छुट्टियां रविवार से शुरू हो गई हैं। सरकारी कार्यालय में शनिवार को आखिरी कार्यदिवस होने के कारण लोगों ने त्योहार मनाने के लिए दोपहर बाद से अपने घरों पर आना-जाना शुरू कर दिया है, जिसको लेकर ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनों में शनिवार को काफी भीड़ रही। यात्रियों को सीट पाने के लिए मारामारी करनी पड़ी। दिव्यांग और महिला कोच में भी पुरुष यात्री सफर करते हुए दिखाई दिए।

होली पर नियमित ट्रेनों में जगह नहीं मिल रही है, जबकि स्पेशल ट्रेनों में जगह खाली चल रही है। बरेली जंक्शन पर प्रतिदिन डेढ़ सौ से अधिक ट्रेनों का ठहराव होता है, जिसमें ज्यादातर ट्रेन दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, बिहार के छपरा सिवान की तरफ आती जाती हैं। श्रमजीवी एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में शनिवार को जबरदस्त भीड़ रही। कंट्रोल रूम में भी महिला और दिव्यांग कोच में पुरुष यात्रियों के बैठने के शिकायतें पहुंचती रहीं, यात्रियों को भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ की टीम में भी अलर्ट हो गई है।

कोहरे में निरस्त की गई 20 ट्रेनों का संचालन बहाल
पिछले साल दिसंबर माह में बरेली जंक्शन से होकर गुजरने वाली करीब 40 ट्रेनें निरस्त कर दी गई थीं, लेकिन अब होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 20 ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया है। बहाल होने वाली ट्रेनों में काठगोदाम-जम्मूतवी, कानपुर-काठगोदाम, मालदा टाउन-नई दिल्ली, ऋषिकेश-जम्मू तवी और हावड़ा-देहरादून समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनों का संचालन बहाल होने के बाद यात्रियों को राहत मिलेगी।

अमृतसर क्लोन एक्सप्रेस के फेरों को 27 मार्च तक बढ़ाया
अमृतसर न्यू जलपाईगुड़ी के बीच विशेष रूप से चल रही गाड़ी नंबर 04653 -54 अमृतसर क्लोन एक्सप्रेस के फेरों को रेलवे ने 27 मार्च तक बढ़ा दिया है। गाड़ी का बरेली जंक्शन पर ठहराव नहीं दिया जाता था, लेकिन अब रेलवे ने गाड़ी को नियमित का दर्जा दे दिया है। नियमित गाड़ी अमृतसर न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन अब 14664-14663 नंबर से किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार