UP: होली पर्व पर मिलावटखोरों पर कार्रवाई, 145 किग्रा. दूषित मिठाई नष्ट
रामपुर, अमृत विचार। होली पर्व को लेकर खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को मिठाई की दुकानों पर छापामारी अभियान चलाया। खाद्य विभाग टीम ने 145 किग्रा. मिठाई नष्ट की और 3 नमूने संग्रहित किए।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार आगामी होली पर्व को आम जनमानस को सुरक्षा को देखते हुए मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने अभियान के तहत विशेष छापामार कार्रवाई की।
इसमें केमरी, मिलक-बिलासपुर रोड, रामपुर स्थित हसन स्वीट हाउस के स्वामी नवी हसन से छेना रसगुल्ला एवं गोले का पेड़ा का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान करीब 2,040 रुपये कीमत की 15 किग्रा. दूषित मिठाई को मौके पर नष्ट कराया।
इसी क्रम में ग्राम कमौरा निकट मोबाइल टावर, तहसील मिलक स्थित रसगुल्ला निर्माता व भंडारणकर्ता सूरजभान बघेल के प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का एक नमूना लिया गया। साथ ही लगभग करीब 13,000 रुपये कीमती की 130 किग्रा. दूषित छेना मिठाई को नष्ट कराया।
विभिन्न खाद्य पदार्थों के 3 विधिक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट की प्रकृति के अनुरूप संबंधित धाराओं में वाद दायर किया जाएगा। सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र यादव, राहुल शुक्ला, अशोक कुमार एवं अजरा बी मोहम्मद मौजूद रहे।
होली पर 2 से 4 मार्च तक थानों पर मजिस्ट्रेटों की होगी तैनाती
होली का मुख्य पर्व 2 मार्च से 4 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। होली पर्व पर 2 मार्च को होलिका दहन होगा, जो देर रात्रि तक चलेगा। 4 मार्च को दुल्हेंडी पर रंग खेला जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट अजय कुमार द्विवेदी ने कानून व्यवस्था की बनाए रखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी 2 मार्च से 4 मार्च तक मजिस्ट्रेटों के रूप में थानों पर लगाई गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर मजिस्ट्रेट सभी उप जिला मजिस्ट्रेट तथा ड्यूटी पर लगाए गए समस्त मजिस्ट्रेट होलिका दहन के पूर्व से ही अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ भ्रमण करके संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर लें।
सांप्रदायिक सद्भाव एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने परगना क्षेत्र की शांति व्यवस्था के लिए उत्तरदायी रहेंगे। सभी अधिकारी अपना मोबाइल नंबर 24 घंटे चालू रखेंगे। बिना अनुमति के कोई भी अधिकारी बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। संवाद के लिए जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम रहेगा। जिसके लिए 9068309528, 0595-2350404 एवं व्हाटसएप नंबर 9045299525 जारी किए है। कंट्रोल रूम में रेवेन्यू इंस्पेक्टर नगर पालिका परिषद रामपुर शमीम अहमद की ड्यूटी 2 मार्च से 4 मार्च को कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों व समस्याओं का निस्तारण के लिए लगाई गई है।
