Bareilly: ऑपरेशन सिंदूर और डमरू-गदा से होगी रंगों की बौछार
बरेली, अमृत विचार। होली बाजार पूरी तरह से सज गया है। दुकानें रंग-बिरंगे गुलाल और रंगों के साथ विभिन्न पिचकारियों से पट गई हैं। इस बार बंदूकों के आकार वाली पिचकारियों पर ऑपरेशन सिंदूर लिखा है, गदा, डमरू, त्रिशूल और कुल्हाड़ी के आकार वाली पिचकारियां की भी खूब मांग है। गानों की धुन वाली म्यूजिकल गन खासतौर पर बच्चों को भा रही है। करछी, हथौड़ा जैसे आकारों में बनीं पिचकारियां भी पसंद की जा रही हैं।
कुतुबखाना बाजार के व्यापारी गिरीश ने बताया कि अलग-अलग खुशबू में उपलब्ध हर्बल गुलाल की मांग ज्यादा है। इसके अलावा कलर फॉग, इलेक्ट्रिक पायरो और गुलाल के अनार जैसे उत्पाद त्योहार के जश्न में नया रंग घोलने को तैयार हैं। होली पर लोग अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज्ड हैम्पर भी तैयार करवा रहे हैं। जिसमें पंप इस बार सौ रुपये, हर्बल गुलाल 150 रुपये, गॉगल्स 50 रुपये, मास्क 50 रुपये में बेचे जा रहे हैं। व्यापारी गौरव ने बताया कि मोदी, हनुमान जी के मुखौटों को लोग सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। पुष्पा स्टाइल पिचकारी और शाही तलवार भी युवाओं को अपनी तरफ खींच रही है। रंग-बिरंगी व स्लोगन वाली टी-शर्ट व टोपियों की भी जमकर खरीदारी हो रही है।
35 से अधिक डिजाइनों की पिचकारियां उपलब्ध
होली बाजार में 35 से अधिक डिजाइनों की पिचकारियां 75 से 800 रुपये तक बाजारों में उपलब्ध हैं। श्यामगंज और कोहाड़ापीर के बाजारों में पिचकारियों की 15 से 600 रुपये तक की सैकड़ों वैरायटी हैं। 550 से सात हजार रुपये तक के गुलाल सिलेंडरों की भी बाजार में मांग है। इन सिलेंडरों में 25 किलो तक गुलाल भरा जा सकता है।
