UP: प्रभारी मंत्री ने किया एमडीए के सेवन वंडर पार्क का उद्घाटन
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने शनिवार को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की आवासीय योजना नया मुरादाबाद के सेक्टर-2 स्थित सेवन वंडर पार्क का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में अपने तरह का अनूठा पार्क है। इससे मुरादाबाद मंडल ही नहीं आसपास के कई जिलों व दूसरे प्रदेशों के लोगों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
प्रभारी मंत्री ने मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह, डीएम अनुज सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल व अन्य जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी में पार्क का उद्घाटन किया। उन्होंने भ्रमण कर सराहना करते हुए कहा कि सेवन वंडर पार्क बहुत आकर्षण है। यह नागरिकों को मनोरंजन का अवसर प्रदान करने के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह काबिले तारीफ है। लोगों को इस पार्क में आने पर एक अलग अनुभव मिलेगा।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से नया मुरादाबाद सेक्टर 2 में लोहे के वेस्ट स्क्रैप से तैयार सेवन वंडर्स पार्क को देखकर अन्य लोगों ने भी इसकी विशेषताओं को सराहा। यहां ताजमहल, चीन की दीवार, पिरामिड, एफिल टावर, रोमन कोलोसियम, क्राइस्ट द रिडीमर, माचू पिच्चू, लाल किला और कोणार्क मंदिर जैसी ऐतिहासिक इमारतों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं।
