Holi Holidays: बाजार पर चढ़ा रंगोत्सव का खुमार, रंग के बाद बंद होंगे बाजार, इन प्रमुख बाजारों में बंदी
लखनऊ, अमृत विचार: शहर के बाजारों में रंगोत्सव की खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ गई है। इंदिरानगर, भूतनाथ, गोमतीनगर, पत्रकारपुरम, अलीगंज, डंडहिया, आलमबाग, चौक, रकाबगंज, यहियागंज, नाका हिंडोला समेत सभी बाजारों में लगी पिचकारी, रंग, गुलाल, गुझिया, मिष्ठान, कचरी-पापड़, कपड़ा समेत दुकानों पर खरीदारों का हुजूम दिख रहा है। रविवार देर रात तक मिठाई, रंग, पिचकारी, नमकीन और मिठाई की दुकानों में खूब भीड़ रही। ग्राहकों को मिठाई की दुकानों में गुझिया व अन्य मिठाई खरीदने के लिए इंतजार करना पड़ा। रंग, पिचकारी, मिष्ठान, ड्राई फ्रूट आदि बाजार मंगलवार को भी खुलेंगे। सोमवार व मंगलवार को बाजार खुले रहेंगे।
कपड़ा बाजार गुलजार
उत्तर प्रदेश कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी और स्वदेशी मार्केट के महामंत्री प्रभू जालान ने बताया कि अमीनाबाद, गणेशगंज समेत अन्य बाजारों में भी कपड़े की दुकानें मंगलवार को खुली रहेंगी। उन्होंने बताया कि होली के साथ साथ ईद के लिए पठानी सूट, प्रिंटेड पठानी सूट, कुर्ता पायजामा और लेनिन शर्ट व टाउजर की मांग ज्यादा है। मिठाई की दुकानें भी मंगलवार को खुलेंगी। अमीनाबाद बाजार में पंडाल तैयार हो रहा है।
कल से गुरुवार तक पांडेयगंज गल्ला मंडी रहेगी बंद
लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन व पांडेयगंज गल्ला मंडी के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार शाम कोपांडेयगंज में फूलों की होली खेली जाएगी। रंग और गुलाल भी चलेगा। मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को थोक बाजार बंद रहेगा। शुक्रवार से पांडेयगंज गल्ला मंडी फिर से खुलेगी। वहीं लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ ने कहा कि ज्यादातर बाजार होली पर 3 और 4 यानी मंगलवार और बुधवार को बंद रहेगा। आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि बाजार तीन चार और पांच को बंद रहेंगे।
मुख्य बाजारों में वाहन ले जाने से बचें तो ले सकेंगे खरीदारी का मजा
बाजारों में खरीदारी के लिए जा रहे हैं तो कोशिश करें वाहन न ले जाएं। चार पहिया तो किसी भी हालत में नहीं। वजह जबरदस्त भीड़ है। पार्किंग के लिए जगह नहीं है और बाजार में कही भी वाहन खड़ा करेंगे तो उसे क्रेन उठा सकती है। ऐसे में दो पहिया वाहन या फिर सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग कर ही बाजार पहुंचे। इससे वह मन मुताबिक खरीदारी का मजा ले सकेंगे। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि बाजार का आनंद लेना है तो ग्राहक पैदल घूमकर खरीदारी करें। थोक बाजार में तो बड़े वाहन कतई न ले जाएं। जिससे उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।
