अब भाजपा में नई होड़: जिलाध्यक्ष-महानगर अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद कमेटी में जगह बनाने की कवायद तेज
अयोध्या, अमृत विचार: जिला और महानगर के अध्यक्ष बनने के बाद अब भाजपा में दोनों कमेटियों में स्थान बनाने के लिए होड़ शुरू हो गई है। चहेतों को स्थान दिलाने के लिए बड़ों की गतिविधियां भी तेज हो गई है। इसी कार्यकारिणी के दौरान जिले में त्रिस्तरीय पंचायत और विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की ताजपोशी कर दी गई। पार्टी में एक हलचल समाप्त हो गई लेकिन अब दूसरी हलचल अंदरखाने में शुरू हो गई है। यह हलचल कमेटी में स्थान बनाने को लेकर शुरू हुई है। अध्यक्षों के स्वागत और दूसरे कार्यक्रमों में उनके इर्द-गिर्द चेहरों पर लोगों की नजर है।
अध्यक्षों के पद ग्रहण करने के बाद अब कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
हालांकि अभी केवल नवनियुक्त अध्यक्षों के स्वागत का माहौल है लेकिन इसी के साथ कमेटी के गठन को लेकर कूटनीतिक चाले शुरू कर दी गई है। दर्शन-पूजन और स्वागत के साथ धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाई जा रही है। खास बात यह भी इसी कार्यकारिणी के दौरान त्रिस्तरीय पंचायत और विधानसभा के चुनाव भी होंगे। इसको लेकर रिपोर्टें जिला और महानगर कमेटी के स्तर से ही भेजी जाएंगी। ऐसे में कार्यकारिणी में सभी कद्दावर अपने समर्थकों को किसी तरह से कमेटी तक पहुंचाना चाहेंगे। इसके संकेत घोषणा के दूसरे दिन से ही दिखने लगा है।
जानकारों का कहना है कि तैनाती और कार्यकारिणी गठन के बाद कुछ ही महीने में नई कमेटी की कार्यप्रणाली भी सतह पर आ जाएगी। विशेषज्ञों की नजर भी इसी पर टिकी है। कहते हैं कि जिले में भाजपा का किसी हद तक भविष्य भी नई कार्यकारिणी पर तय करेगा क्योंकि दोनों महत्वपूर्ण चुनाव जो होने हैं।
