ड्रिंक्स ब्रेक में लेजर शो पर भड़के गावस्कर और शास्त्री, कहा- 'वर्ल्ड कप में ऐसे तमाशे की क्या जरूरत?'
कोलकाता: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के रोमांचक मुकाबले में भारत बनाम वेस्टइंडीज के दौरान ईडन गार्डन्स में एक ऐसा सीन देखने को मिला, जिसने कमेंट्री बॉक्स में सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री को खफा कर दिया। ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान स्टेडियम में चालू हुआ भव्य लेजर शो दोनों पूर्व क्रिकेटरों को बिल्कुल पसंद नहीं आया। उन्होंने इसे खिलाड़ियों की एकाग्रता के लिए खतरनाक और ग्लोबल टूर्नामेंट के लिए अनुचित बताया।
मैच में भारत 196 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था। पावरप्ले के बाद स्कोर था 2 विकेट पर 53 रन। निर्धारित ड्रिंक्स ब्रेक में अचानक स्टेडियम की लाइटें धीमी कर दी गईं और लगभग तीन मिनट तक जोरदार लेजर लाइट शो चला। मैदान अंधेरे में डूब गया और फिर रोशनी वापस आने पर खिलाड़ियों को दोबारा फोकस करना पड़ा।
गावस्कर ने की खुलकर आलोचना
कमेंट्री के दौरान सुनील गावस्कर ने काफी सख्त लहजे में कहा, “ड्रिंक्स ब्रेक के ढाई-तीन मिनट में लेजर शो? यह किसी के लिए भी आसान नहीं होता, खासकर बल्लेबाजों के लिए। यह वर्ल्ड कप है भाई! ग्लोबल टूर्नामेंट में ऐसे तमाशों की क्या जरूरत? IPL में बीच-बीच में यह चल सकता है, लेकिन वर्ल्ड कप के नॉकआउट स्टेज में? नहीं, बिल्कुल नहीं।”
शास्त्री ने भी जताई चिंता
रवि शास्त्री ने गावस्कर की बात से पूरा समर्थन करते हुए कहा, “खिलाड़ियों के नजरिए से देखें तो अचानक रोशनी बदलने के बाद दोबारा फोकस करना आसान नहीं होता। यह सीरियस मुद्दा है। एकाग्रता टूटने का खतरा रहता है।”
दोनों पूर्व क्रिकेटरों का मानना था कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर खिलाड़ियों की मेंटल तैयारी और फोकस को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, न कि एंटरटेनमेंट शो को।
सेमीफाइनल की तस्वीर साफ
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो चुकी हैं:
- भारत vs इंग्लैंड
- साउथ अफ्रीका vs न्यूजीलैंड
टीम इंडिया का सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ होगा। क्रिकेट प्रेमी अब इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
