बाराबंकी : हवाई जहाज से एक्सपोजर विजिट पर रवाना हुए मेधावी छात्र, पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ में करेंगे शैक्षिक भ्रमण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के सात पीएमश्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के 280 मेधावी छात्र हवाई जहाज से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित संस्थानों का पांच दिवसीय शैक्षिक भ्रमण करने के लिए रवाना हुए। भ्रमण में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यालय से 40 छात्र शामिल हैं, जो मिशन पहचान मूल्यांकन परीक्षा तथा विद्यालय स्तरीय परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र हैं। यह भ्रमण 11 मार्च को समाप्त होगा, जिसके बाद छात्र अपने विद्यालय वापस लौटेंगे।

इस दौरान छात्रों को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित संस्थानों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। वे पंजाब केमिकल्स एंड क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड चंडीगढ़, जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र पिंजौर हरियाणा, सेंटर फॉर रिसर्च इन रूरल एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट चंडीगढ़ और भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) मोहाली जैसी जगहों पर जाएंगे।

भ्रमण के लिए चयनित छात्र अपने विद्यालय से बस द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर इकट्ठा हुए, जहां से डीआईओएस ओ.पी. त्रिपाठी ने उन्हें हरी झंडी दिखाकर चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अमौसी लखनऊ के लिए रवाना किया। मौके पर वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) संतोष कुमार मौर्य, प्रधानाचार्य नंदिता सिंह एवं पूनम, तथा जिला समन्वयक अखिलेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

डीआईओएस ओ.पी. त्रिपाठी ने बताया कि इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को वैज्ञानिक अनुसंधान, औद्योगिक प्रक्रियाओं और आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है। इससे छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होकर उच्च शिक्षा एवं करियर के नए अवसरों के प्रति प्रेरणा मिलेगी। डीआईओएस ने बताया कि यह कार्यक्रम पीएमश्री योजना के अंतर्गत समग्र शिक्षा (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित है और भारत सरकार द्वारा पूर्ण रूप से वित्तपोषित है।

संबंधित समाचार